भिवानी। हरियाणा में बोर्ड परीक्षाओं के दौरान पेपर लीक और नकल की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने सख्त एक्शन प्लान तैयार किया है। बोर्ड ने साफ कर दिया है कि यदि किसी परीक्षा केंद्र पर गड़बड़ी के कारण परीक्षा रद्द करनी पड़ी, तो दोबारा परीक्षा कराने का पूरा खर्च संबंधित केंद्र और जिम्मेदार कर्मचारियों से वसूला जाएगा।
पेपर लीक पर मान्यता रद्द तक की कार्रवाई
बोर्ड की ओर से चेतावनी जारी की गई है कि यदि कोई निजी स्कूल पेपर लीक में शामिल पाया गया तो उस पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा और जरूरत पड़ने पर उसकी मान्यता भी रद्द की जा सकती है।
नकल या पेपर लीक जैसे मामलों में यदि परीक्षा रद्द होती है, तो पुनर्परीक्षा से जुड़े सभी प्रशासनिक और व्यवस्थागत खर्च परीक्षा केंद्र के अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों से वसूले जाएंगे।
CCTV निगरानी में होंगी परीक्षाएं
बोर्ड अधिकारियों के अनुसार, इस बार परीक्षाएं पूरी तरह CCTV निगरानी में आयोजित की जाएंगी। केवल उन्हीं कमरों का उपयोग किया जाएगा, जहां कैमरे और ऑनलाइन कनेक्टिविटी की सुविधा उपलब्ध होगी।
रिकॉर्डिंग को सत्यापन के लिए छह महीने तक सुरक्षित रखा जाएगा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
प्रधानाचार्य होंगे मुख्य अधीक्षक
जिन विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, वहां के प्रधानाचार्यों को मुख्य अधीक्षक नियुक्त किया जाएगा। वे परीक्षा के दौरान किसी भी बाहरी हस्तक्षेप को रोकने के लिए सीधे तौर पर जवाबदेह होंगे।
इसके अलावा जिला प्रशासन, ग्राम पंचायतें और विद्यालय प्रबंधन समितियां भी पारदर्शिता बनाए रखने में सहयोग करेंगी। यदि किसी केंद्र पर गड़बड़ी सामने आती है तो उसे तुरंत स्थानांतरित किया जा सकता है।
आज से डाउनलोड होंगे एडमिट कार्ड
बोर्ड ने जानकारी दी है कि फरवरी-मार्च 2026 में होने वाली माध्यमिक और वरिष्ठ माध्यमिक परीक्षाओं के एडमिट कार्ड आज से आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर उपलब्ध होंगे।
माध्यमिक (कक्षा 10) परीक्षा: 26 फरवरी से 20 मार्च 2026
वरिष्ठ माध्यमिक (कक्षा 12) परीक्षा: 25 फरवरी से 1 अप्रैल 2026
कुल परीक्षार्थी: लगभग 5,66,400
परीक्षा केंद्र: 1,421
समय: दोपहर 12:30 बजे से 3:30 बजे तक
एडमिट कार्ड डाउनलोड करना अनिवार्य
बोर्ड सचिव मुनीश शर्मा ने बताया कि सभी विद्यालय प्रमुख अपने यूजर आईडी और पासवर्ड से लॉग इन कर छात्रों के एडमिट कार्ड ए-4 साइज पेपर पर रंगीन प्रिंट में डाउनलोड करना सुनिश्चित करें।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड अनिवार्य होगा।













