Haryana Weather: हरियाणा में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे लोगों को दिन के साथ-साथ रात में भी राहत नहीं मिल रही।
भारत मौसम विभाग (IMD) ने 24 अप्रैल तक राज्य के कई जिलों में लू और गर्म रातों (वार्म नाइट) का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 13 जिलों में लू को लेकर येलो अलर्ट है, जबकि 8 शहरों में सामान्य से अधिक गर्म रातों की चेतावनी दी गई है।
25-26 अप्रैल तक लू का असर बरकरार
मौसम विभाग के मुताबिक 25 और 26 अप्रैल तक लू का प्रभाव जारी रहेगा। 24 अप्रैल को मौसम साफ रहने और तेज धूप के कारण तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है। वहीं 25 अप्रैल को गर्मी और तेज हो सकती है तथा दोपहर के समय तेज हवाओं के साथ धूलभरी स्थिति बन सकती है।
26 अप्रैल से बदलेगा मौसम का मिजाज
26 अप्रैल की रात से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे मौसम में बदलाव आएगा। 26 और 27 अप्रैल को कई स्थानों पर धूलभरी आंधी चल सकती है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
27-28 अप्रैल को मिल सकती है आंशिक राहत
27 अप्रैल को कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। 28 अप्रैल को भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
महीने के अंत में फिर बढ़ेगी गर्मी
29 अप्रैल को मौसम फिर साफ होने की संभावना है, जिससे तापमान में दोबारा बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं 30 अप्रैल को गर्म और शुष्क मौसम रहने के आसार हैं, जिसके चलते दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है।
google-site-verification: google37146f9c8221134d.html













