पश्चिमी विक्षोभ हुआ सक्रिय, तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना, गर्मी से मिलेगी राहत
Haryana Weather Update (मेरा हरियाणा), चंडीगढ़ : उत्तर पश्चिम भारत में इन दिनों गर्मी और लू के प्रकोप से लोग बेहाल हैं। तापमान 45 डिग्री के आसपास बना हुआ है। एक तरफ जहां पहाड़ी राज्यों में गर्मी अपना असर दिखा रही है तो वहीं मैदानी राज्यों में इसका प्रकोप चरम की तरफ अग्रसर है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग की चंडीगढ़ शाखा ने मौसम को लेकर बड़ा अपडेट दिया है।
मौसम विभाग के अनुसार आज हरियाणा के मौसम में बड़ा बदलाव आएगा। यह बदलाव पश्चिम विक्षोभ की सक्रियता के चलते आएगा। इससे प्रदेश के 18 जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। जिससे तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी।
इन जिलों में दिखेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विभाग के अनुसार भिवानी, फरीदाबाद, पलवल, पानीपत, सोनीपत, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र और करनाल में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस मौसमी बदलाव के कारण दिन के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को लू से राहत मिलेगी। एक दिन पहले नारनौल में प्रदेश में सबसे ज्यादा 44.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
आने वाले दिनों में इस तरह रहेगा मौसम
28 अप्रैल को बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी होगी। सिरसा और आसपास के इलाकों में बारिश की उम्मीद है। 29 अप्रैल को दक्षिण हरियाणा के जिलों (गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात) में धूलभरी आंधी और हल्की बूंदाबांदी जारी रह सकती है। 30 अप्रैल को मौसम साफ होना शुरू हो जाएगा, हालांकि कुछ इलाकों में बादल छाए रहेंगे। रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। नारनौल में पारा 44.2 डिग्री तक पहुंच गया, जो सीजन के ऊंचे स्तरों में से एक है।
ये भी पढ़ें : Heat Waves in North India : लू से बेहाल उत्तर-पश्चिम भारत के राज्य














