हरियाणा के जींद जिले में सोमवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। पंचकूला से हिसार जा रही हरियाणा रोडवेज की किलोमीटर स्कीम की बस नरवाना के हरियल चौक के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 40 यात्री घायल हो गए, जबकि बस चालक को गंभीर चोटें आई हैं।
घटना दोपहर करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने बस के शीशे तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए नरवाना के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
स्कूटी सवार को बचाने के दौरान हादसा
जानकारी के मुताबिक बस पंचकूला से हिसार की ओर जा रही थी। जैसे ही बस नरवाना के हरियल चौक के पास पहुंची, तभी अचानक एक स्कूटी सवार बस के सामने आ गया। ड्राइवर ने स्कूटी सवार को बचाने के लिए बस को मोड़ने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान बस का संतुलन बिगड़ गया।
अनियंत्रित बस पहले डिवाइडर पर चढ़ी और फिर हरियल रेस्ट हाउस की दीवार तोड़ते हुए पलट गई। हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया पूरा घटनाक्रम
प्रत्यक्षदर्शी जयप्रकाश ने बताया कि एक बुजुर्ग इलेक्ट्रिक स्कूटी पर अचानक बस के सामने आ गया था। ड्राइवर ने उसे बचाने की कोशिश की, जिससे बस डिवाइडर पार करते हुए हाईवे, सर्विस लेन और लिंक रोड को क्रॉस कर दीवार से टकराकर पलट गई।
उन्होंने बताया कि जिस स्कूटी सवार को बचाने के दौरान हादसा हुआ, वह मौके पर रुके बिना वहां से चला गया। स्थानीय लोगों ने यह भी कहा कि हरियल चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था कमजोर है और वहां रेड लाइट या ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था नहीं होने से आए दिन हादसे होते रहते हैं।
ड्राइवर को आईं गंभीर चोटें
बस में सवार यात्रियों ने बताया कि हादसे में सबसे ज्यादा चोटें बस चालक को आई हैं। कई यात्रियों को मामूली चोटें लगीं, जबकि कुछ यात्रियों को ज्यादा चोट लगने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक यात्री ने बताया कि हादसा बेहद भयावह था, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी यात्री की जान नहीं गई। उन्होंने कहा कि हादसे के दौरान बस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था और लोग अपनी जान बचाने के लिए चीख रहे थे।
क्रेन की मदद से सीधी की गई बस
हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पलटी हुई बस को बाद में क्रेन की मदद से सीधा किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का विस्तृत पता लगाया जा रहा है।
इस हादसे के बाद एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।













