Haryana: हरियाणा में 33 कर्मचारियों पर FIR दर्ज, जानें क्या है वजह

On: May 18, 2026 1:32 PM
Follow Us:

Haryana News: हरियाणा सरकार ने जनगणना के हाउस लिस्टिंग कार्य का विरोध कर रहे कर्मचारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए 33 कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज कराई है। प्रशासन का कहना है कि कर्मचारियों के विरोध के कारण कई जिलों में जनगणना कार्य प्रभावित हो रहा था, जिसके बाद कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।

अधिकारियों के मुताबिक कई कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं पहुंचे, बार-बार निर्देश देने के बावजूद काम शुरू नहीं किया और सरकारी कार्य में सहयोग नहीं किया। इसके अलावा करीब 80 अन्य कर्मचारियों की सूची भी तैयार कर पुलिस को भेजी गई है, जिनके खिलाफ आगे कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

गुरुग्राम में 19 कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर की प्रक्रिया चल रही है, जबकि फरीदाबाद में 22 कर्मचारियों पर कार्रवाई की तैयारी है। अन्य जिलों में भी 39 कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने पर विचार किया जा रहा है।

कर्मचारियों ने बताया अतिरिक्त काम का बोझ

विरोध कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि उन पर बिना अतिरिक्त भुगतान के कई जिम्मेदारियां एक साथ डाल दी गई हैं। कई शिक्षकों और कर्मचारियों को वोटर लिस्ट रिवीजन, जनगणना और स्कूल का नियमित काम एक साथ संभालना पड़ रहा है।

कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि फील्ड में लोगों का सहयोग नहीं मिल रहा है। कई जगह लोग डाटा लीक होने की आशंका जताकर कर्मचारियों को घरों से वापस भेज देते हैं।

कुछ कर्मचारियों ने स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का भी हवाला दिया। एक कर्मचारी ने धूप से एलर्जी होने की बात कही, जबकि एक वरिष्ठ शिक्षिका ने गठिया की बीमारी के कारण फील्ड सर्वे में दिक्कत होने की जानकारी दी।

शिक्षकों की कमी से बढ़ी चिंता

कर्मचारियों का कहना है कि हरियाणा के सरकारी स्कूलों में पहले से ही 15 हजार से अधिक शिक्षक पद खाली हैं। कई स्कूलों में केवल एक शिक्षक कार्यरत है और उन्हें भी जनगणना ड्यूटी में लगा दिया गया है।

पानीपत में कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि कई स्कूलों का पूरा स्टाफ ही एन्यूमरेटर बना दिया गया है, जिससे पढ़ाई प्रभावित होने का खतरा पैदा हो गया है।

गुरुग्राम

नगर निगम गुरुग्राम की शिकायत पर जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वाले पांच कर्मचारियों के खिलाफ सिटी थाना गुरुग्राम में एफआईआर दर्ज की गई है। अधिकारियों के अनुसार जिले में लगभग 3 हजार जनगणना ब्लॉक बनाए गए हैं, लेकिन करीब 450 ब्लॉकों में काम शुरू नहीं हो पाया है। 400 से अधिक कर्मचारी प्रशासन की निगरानी में हैं।

सोनीपत

सोनीपत नगर निगम ने सरकारी स्कूलों, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, महिला एवं बाल विकास विभाग और नगर निगम से जुड़े 18 अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की है।

फरीदाबाद

फरीदाबाद में करीब 9 हजार कर्मचारियों की जनगणना ड्यूटी लगाई गई है। इनमें से 9 कर्मचारियों पर पहले ही एफआईआर दर्ज हो चुकी है, जबकि 22 अन्य कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

भिवानी

भिवानी में एक सरकारी स्कूल शिक्षक के खिलाफ जनगणना कार्य में लापरवाही और अधिकारियों से अभद्र भाषा में बात करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

कुरुक्षेत्र

कुरुक्षेत्र में डिप्टी कमिश्नर विश्राम कुमार मीणा के निर्देश पर दो क्लर्कों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। आरोप है कि दोनों ने ड्यूटी नहीं निभाई और अधिकारियों के फोन का जवाब भी नहीं दिया।

पंचकूला

पंचकूला नगर निगम ने जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वाले 21 कर्मचारियों की सूची प्रशासन को सौंपी है। उपायुक्त सतपाल शर्मा ने इनके खिलाफ निलंबन प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

कालका

कालका में जनगणना कार्य की धीमी प्रगति पर एक चार्ज अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। समय रहते सुधार नहीं होने पर निलंबन की चेतावनी दी गई है।

विरोध और कार्रवाई के बीच हरियाणा सरकार ने दावा किया है कि राज्य में जनगणना का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

जनगणना संचालन निदेशक डॉ. ललित जैन के अनुसार, राज्य के 97 प्रतिशत से अधिक हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों में काम शुरू हो चुका है।

सरकार के मुताबिक यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, फतेहाबाद, हांसी, चरखी दादरी और फरीदाबाद सहित कई जिलों में 100 प्रतिशत कार्य शुरू हो चुका है। चरखी दादरी को अब तक सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला जिला बताया गया है।

SIR तैयारियों की भी समीक्षा

हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी लगातार 15 जून से शुरू होने वाले स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं।

राज्य में SIR के लिए 20,629 बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा लगभग 25 हजार कर्मचारियों को घर-घर सत्यापन कार्य के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

google-site-verification: google37146f9c8221134d.html

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now