अंबाला: सावन का महीना शुरू होते ही भगवान शिव के मंदिरों में भक्तों की भीड़ बढ़ने लगती है. कोई हरिद्वार से कांवड़ लाकर भोलेनाथ का जलाभिषेक करता है तो कोई कांवड़ शिविर लगाकर श्रद्धालुओं की सेवा में जुट जाता है. हालांकि, हर श्रद्धालु के लिए हरिद्वार जाकर गंगाजल लाना संभव नहीं होता और ऐसे शिवभक्तों की आस्था को ध्यान में रखते हुए डाक विभाग ने इस बार भी विशेष व्यवस्था की है. दरअसल, अब श्रद्धालु मात्र 30 रुपये में गंगोत्री का पवित्र गंगाजल खरीदकर भगवान शिव का जलाभिषेक कर सकेंगे.
बता दें कि सावन के दौरान शिव मंदिरों में जलाभिषेक का विशेष महत्व माना जाता है. इसी कारण डाक विभाग हर वर्ष देशभर में गंगाजल उपलब्ध कराता है. अंबाला शहर में भी मुख्य डाकघर के साथ-साथ शहर के 13 अन्य डाकघरों में गंगाजल की बिक्री शुरू कर दी गई है. इसके लिए डाकघरों में अलग से विशेष काउंटर बनाए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.
30 रुपये में मिलेगा गंगोत्री का गंगाजल
वहीं, इस बारे में लोकल18 को ज्यादा जानकारी देते हुए अंबाला शहर डाकघर के पोस्ट मास्टर निर्मल कुमार ने बताया कि डाक विभाग का उद्देश्य उन लोगों तक भी गंगाजल पहुंचाना है, जो किसी कारणवश हरिद्वार या गंगोत्री नहीं जा पाते. इसके लिए विभाग द्वारा उपलब्ध कराया जा रहा गंगाजल सीधे गंगोत्री से लाया गया है और इसे विशेष रूप से पैक की गई बोतलों में श्रद्धालुओं को दिया जा रहा है.
उन्होंने बताया कि केवल 30 रुपये में मिलने वाला यह गंगाजल पूरी तरह श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखकर उपलब्ध कराया जा रहा है. उन्होंने बताया कि सावन और शिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाती है. इसे देखते हुए अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर के प्रमुख शिव मंदिरों के बाहर भी डाक विभाग की ओर से अस्थायी स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां श्रद्धालु मौके पर ही गंगाजल खरीद सकेंगे.
उन्होंने बताया कि अंबाला शहर में विभाग का मुख्य स्टॉल सेक्टर-9 स्थित शिव मंदिर के बाहर लगाया जाएगा, ताकि जलाभिषेक के लिए आने वाले भक्तों को आसानी से गंगाजल उपलब्ध हो सके.
13 डाकघरों में भी मिलेगा गंगाजल
वहीं, पोस्ट मास्टर निर्मल कुमार के अनुसार, पिछले वर्ष गंगाजल की अच्छी मांग रही थी. इसी को देखते हुए इस बार विभाग ने करीब दो हजार अतिरिक्त बोतलों की मांग की है. उन्होंने कहा कि विभाग को उम्मीद है कि सावन और शिवरात्रि के दौरान अधिकांश बोतलों की बिक्री हो जाएगी.
इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मुख्य डाकघर के अलावा सभी 13 शाखा डाकघरों में भी गंगाजल उपलब्ध रहेगा, जिससे लोगों को लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी.
श्रद्धालुओं के लिए राहत बनी डाक विभाग की पहल
उन्होंने कहा कि डाक विभाग की यह पहल उन हजारों श्रद्धालुओं के लिए राहत लेकर आई है, जो समय, दूरी या अन्य कारणों से हरिद्वार नहीं जा पाते, लेकिन सावन में भगवान शिव का जलाभिषेक करने की इच्छा रखते हैं. विभाग का मानना है कि आस्था से जुड़े इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक गंगाजल पहुंचाकर उनकी धार्मिक भावनाओं का सम्मान किया जा सकेगा.
उन्होंने बताया कि सावन के पावन महीने में डाक विभाग की यह व्यवस्था श्रद्धालुओं के लिए सुविधा और आस्था का अनूठा संगम बनकर सामने आई है.













