
जयपुर में चल रहा बच्ची का उपचार, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
Haryana Crime News (मेरा हरियाणा), रेवाड़ी : रेवाड़ी में हुए एक हादसे में सड़क किनारे खड़ी पांचवीं कक्षा की बच्ची को एक स्कूल वैन के चालक ने अपनी चपेट में ले लिया। इतना ही नहीं टक्कर लगने के बाद वैन चालक ने वैन को रोका नहीं बल्कि बच्ची का बैग वैन में फंस जाने के बाद वह वैन के साथ ही घसीटती रही। करीब 50 मीटर दूर जाने के बाद जब वैन चालक को इस बात का एहसास हुआ तो उसने वैन रोकी और बच्ची को वैन में डालकर एक अस्पताल में ले गया। जहां उसका उपचार शुरू कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि इस दौरान पीड़ित बच्ची की मां भी चिल्लाती हुई वैन के पीछे दौड़ती रही। फिलहाल जयपुर के एक अस्पताल में बच्ची का इलाज चल रहा है। कुंड चौकी पुलिस ने मां की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला ने पुलिस को यह रिपोर्ट लिखाई
महिला ने बताया कि वह मूलरूप से गांव पाली हाल (हरजीपुर नंगली बलिहार) रोड के पास बनी ढाणी में परिवार के साथ रहती है। उसकी 10 वर्षीय बेटी मार्डन स्कूल पाली में 5वीं कक्षा में पढ़ती है। 14 अगस्त को स्कूल भेजने के लिए मैं बेटी के साथ कच्चे रास्ते पर सुबह करीब सवा 7 बजे दूसरी ढाणी के पास स्कूल वैन का इंतजार कर रही थी। उसी समय क्रैजिब स्कूल चिताडूंगरा की तेज रफ्तार से आई वैन ने उसकी बेटी को सीधी टक्कर मार दी। ड्राइवर 50 मीटर दूर तक घसीटकर ले गया।
फोन करने पर चता पता
महिला ने कहा कि मैं चिल्लाते हुए वैन के पीछे दौड़ती रही, ड्राइवर ने वैन नहीं रोकी और मेरा इंतजार किए बिना बच्ची को वैन में डालकर अपने साथ ले गया। मैंने फोन कर स्कूल संचालक को घटना की सूचना दी, तो पता चला कि बेटी रेवाड़ी के एक प्राइवेट अस्पताल में है। जिसके बाद मैं अपने पति के साथ अस्पताल पहुंची, तो डॉक्टरों ने गंभीर चोटों को देखते हुए जयपुर के प्राइवेट अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां उसका इलाज चल रहा है। महिला ने कुंड चौकी पुलिस को शिकायत कर वैन ड्राइवर, स्कूल संचालक और प्राचार्य के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।









