करीब तीन साल पहले ही हरियाणा पुलिस में भर्ती हुआ था अंकित
Nuh News, (मेरा हरियाणा), नूंह: हरियाणा के नूंह में आज एक कांस्टेबल का शव थाने में कमरे के बाहर पड़ा मिला। साथियों ने तुरंत उन्हें उठाकर सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान मूल रूप से झज्जर जिले के गुढ़ा गांव के रहने वाले कांस्टेबल अंकित के रूप में हुई। उनकी ड्यूटी नूंह जिले के बिछोर थाने में थी। अंकित कुमार हर रोज की तरह अपनी ड्यूटी पर थाने में मुस्तैद थे। मंगलवार सुबह के समय वे शौचालय (टॉयलेट) जाने के लिए कमरे से बाहर आए।
अंकित को बेसुध हालत में मांडीखेड़ा अस्पताल पहुंचाया गया
जब अंकित काफी देर तक कमरे में नहीं लौटे तो उनके साथी जवानों को चिंता हुई। वे बाहर आए तो अंकित को फर्श पर अचेत पड़ा देख कर उनके होश उड़ गए। शरीर ठंडा पड़ गया था। साथी पुलिसकर्मियों ने इसकी सूचना तुरंत ही थाना प्रभारी को दी। अंकित को बेसुध हालत में मांडीखेड़ा अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राजकीय सम्मान के साथ किया अंतिम संस्कार
अंकित की मौत की सूचना तुरंत ही उसके परिजनों को दी गई। कुछ देर बाद ही उसके मामा और अन्य परिजन रोते-बिलखते मांडीखेड़ा अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को पूरी घटना के बारे में जानकारी दी।
बाद में पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करके शव का पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिवार को सौंप दिया। प्राथमिक तौर पर मौत की वजह हृदय गति रुकना (हार्ट अटैक) मानी जा रही है। उधर, शाम को कांस्टेबल का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव में किया गया।
घर में चल रही थीं शादी की तैयारियां
जानकारी अनुसार, अंकित करीब तीन साल पहले ही हरियाणा पुलिस में भर्ती हुए थे। उनके पिता की मौत हो चुकी है। उसकी मां अपने दूसरे बेटे के साथ झज्जर के गुढ़ा गांव में रह रही है। अंकित उसके नाना के घर गुरुग्राम जिले के शेरपुर हरियाणा में रह रहा था।
अभी कुछ ही दिन पहले उनका तबादला बिछोर थाने में हुआ था। परिवार में इस बात की सबसे बड़ी खुशी थी कि आने वाली फरवरी 2027 में अंकित की शादी तय की जा चुकी थी। घर में शादी की तैयारियां भी शुरू हो गई थी। मंगलवार को उसकी मौत की सूचना मिली तो परिवार हैरान रह गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा
बिछोर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखबीर यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही अंकित की मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग ने अपने एक होनहार साथी को खो दिया है। मौत की प्रारंभिक वजह हार्ट अटैक ही लग रही है।












