झाड़ियों में मिला 25 साल के युवक का जला शव, पहचान मिटाने के लिए किया ऐसा काम!

On: September 10, 2026 6:08 AM
Follow Us:

Rohtak murder

Rohtak murder: गांव मदीना में सोमवार सुबह रेडियो स्टेशन के पीछे कच्चे रास्ते के किनारे झाड़ियों में करीब 25 वर्षीय युवक का जला हुआ शव मिलने से सनसनी फैल गई. प्रारंभिक पुलिस जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की पहले हत्या की गई और इसके बाद उसकी पहचान छिपाने के लिए केमिकल डालकर शव को आग के हवाले किया गया.

पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब आठ बजे सूचना मिली कि रेडियो स्टेशन के पीछे झाड़ियों में एक शव जल रहा है. जानकारी मिलते ही बहुअकबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया. एफएसएल एक्सपर्ट सरोज दहिया ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए. पुलिस अब बरामद किए गए सबूतों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.

नाक के पास मिला खून, हत्या की आशंका

प्रारंभिक जांच के दौरान युवक की नाक के पास खून के निशान मिले हैं. इसके आधार पर पुलिस को आशंका है कि युवक की पीट-पीटकर हत्या की गई हो सकती है. हालांकि, मौत की वास्तविक वजह और हत्या के तरीके की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस ने शव को पहचान और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए पीजीआइएमएस के शव गृह में रखवाया है. पुलिस मृतक की पहचान करने के लिए आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटा रही है.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

बहुअकबरपुर थाना प्रभारी जसबीर ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है. घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों और शव को मौके तक लाने वालों के बारे में सुराग मिल सके.

पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के साथ सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.

 

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now