Last Updated:
Gurugram Hit And Run Case: गुरुग्राम के हिट एंड रन मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है. आरोपी कल्याण बैसला घटना को अंजाम देने से ठीक पहले सेक्टर-25 स्थित ‘द एम्पायार क्लब बार एंड लाउंज’ में अपने दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था. पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी रात करीब 12 बजे क्लब पहुंचा था और पूरी रात शराब पार्टी करने के बाद सुबह करीब 5:30 से 6 बजे के बीच वहां से बाहर निकला था. गुरुग्राम पुलिस ने क्लब से सीसीटीवी फुटेज बरामद कर ली है और पार्टी से लेकर हादसे तक की पूरी टाइमलाइन को खंगालने में जुटी हुई है.
महिला बाइकर को टक्कर मारने के बाद क्लब में पार्टी करने गया था कल्याण बैसला.
गुरुग्राम: हरियाणा गुरुग्राम में महिला बाइकर से हिट एंड रन (Hit & Run) मामले में रोज नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. इस मामले में मुख्य आरोपी कल्याण बैसला को लेकर एक बेहद अहम अपडेट सामने आया है. पुलिस जांच में यह बात खुलकर सामने आई है कि दर्दनाक सड़क हादसे को अंजाम देने से कुछ ही घंटे पहले आरोपी कल्याण बैसला ने शहर के एक हाई-प्रोफाइल क्लब में जमकर जश्न मनाया था और पूरी रात पार्टी की थी. पुलिस अब इस पूरी पार्टी से लेकर हादसे तक की टाइमलाइन को आपस में जोड़ने की कोशिश कर रही है.
पुलिस सूत्रों और क्लब से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी कल्याण बैसला घटना वाली रात गुरुग्राम के सेक्टर-25 स्थित मशहूर ‘द एम्पायार क्लब बार एंड लाउंज’ (The Empire Club Bar & Lounge) में पहुंचा था. रात करीब 12 बजे आरोपी अपने 3-4 दोस्तों के साथ क्लब के अंदर दाखिल हुआ था. क्लब मैनेजर के अनुसार, आरोपी और उसके साथियों ने रातभर क्लब में पार्टी की और इस दौरान वहां शराब भी ऑर्डर की गई थी. पार्टी का यह दौर पूरी रात यानी लगभग सुबह तक बेखौफ अंदाज में चलता रहा.
सुबह 5:30 बजे क्लब से बाहर निकले आरोपी
क्लब के मैनेजर ने जानकारी दी कि आरोपी और उसके साथी सुबह करीब 5:30 से 6:00 बजे के आसपास क्लब से बाहर निकले थे. इसके बाद वे सीधे सड़क पर आए और कुछ ही देर बाद यह खौफनाक हादसा हो गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस की टीम तुरंत हरकत में आई और सीधे ‘द एम्पायार क्लब’ पहुंचकर मैनेजर और अन्य स्टाफ से लंबी पूछताछ की. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए क्लब से तमाम सीसीटीवी फुटेज (CCTV Footage) अपने कब्जे में ले लिए हैं, जिसमें आरोपी और उसके दोस्त साफ तौर पर नजर आ रहे हैं.
पुलिस अब खंगाल रही है ‘पार्टी से हादसे तक’ की टाइमलाइन
गुरुग्राम पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा और अहम काम इस बात की तह तक जाना है कि क्लब से सुबह 5:30 बजे निकलने के बाद आरोपी किस रास्ते से गुजरा और घटनास्थल तक पहुंचने की उसकी सटीक टाइमलाइन क्या थी? पुलिस शहर के अलग-अलग रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की हर एक मूवमेंट को ट्रैक कर रही है. इस नए और बड़े खुलासे के बाद मामले की परतें तेजी से खुल रही हैं, और पुलिस जल्द ही इस सनसनीखेज वारदात से जुड़े अन्य राज भी सामने ला सकती है.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें













