गुरुग्राम में 136.41 करोड़ से दादी सती चौक और अंबेडकर चौक पर बनेंगे बनेंगे दो फ्लाईओवर, मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के पास बनेगा अंडरपास

On: November 3, 2026 11:01 AM
Follow Us:

गुरुग्राम.  हरियाणा की साइबर सिटी गुरुग्राम में बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए नायब सैनी सरकार ने तीन बड़ी सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी है. गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की ओर से दादी सती चौक और अंबेडकर चौक पर फ्लाईओवर तथा मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के समीप अंडरपास का निर्माण करवाया जाएगा. हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में चंडीगढ़ में आयोजित हाई पावर वर्क्स परचेज कमेटी (एचपी डब्लू पी सी) की बैठक में कुल 136.41 करोड़ रुपये की इन तीनों परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई.

परियोजनाओं पर दादी सती चौक फ्लाईओवर के लिए 43.05 करोड़ रुपये, अंबेडकर चौक फ्लाईओवर के लिए 36.36 करोड़ रुपये तथा मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के समीप अंडरपास के निर्माण पर 57 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. तीनों स्थानों पर ग्रेड सेपरेशन की सुविधा विकसित होने से वाहन चालकों को चौराहों पर रुकने की आवश्यकता कम होगी और यातायात का आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा.

दादी सती चौक पर बनेगा 6 लेन का फ्लाईओवर

सेक्टर 85-86 और 89-90 के बीच स्थित दादी सती चौक पर लगभग 840 मीटर लंबा छह लेन का फ्लाईओवर बनाया जाएगा. इससे न्यू गुरुग्राम के तेजी से विकसित हो रहे आवासीय एवं व्यावसायिक क्षेत्रों से गुजरने वाले यातायात को निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी. फ्लाईओवर के नीचे 7.5 मीटर चौड़ा यू-टर्न, दोनों ओर सर्विस रोड, 2 मीटर चौड़े पैदल पथ, ट्रैफिक सिग्नल, रोड मार्किंग और बेहतर लाइटिंग की व्यवस्था भी की जाएगी.

अंबेडकर चौक पर 930 मीटर लंबा 4 लेन फ्लाईओवर

सेक्टर 45-46 और 51-52 के जंक्शन पर विकास मार्ग के ऊपर लगभग 930 मीटर लंबा चार लेन का फ्लाईओवर बनाया जाएगा. इससे पार्क अस्पताल और अरिहंत अस्पताल की ओर आने-जाने वाले लोगों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. परियोजना के तहत सर्विस रोड, स्लिप रोड, फ्लाईओवर के नीचे दो यू-टर्न तथा दोनों ओर कवर ड्रेन-कम-फुटपाथ बनाए जाएंगे. साथ ही यातायात संकेतकों, सड़क सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था के भी पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे.

मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के पास बनेगा अंडरपास

सेक्टर 27-29 और 43-44 के व्यस्त जंक्शन पर यातायात का दबाव कम करने के लिए मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन के पास अंडरपास बनाया जाएगा. इसकी कुल एप्रोच लंबाई लगभग 1,350 मीटर होगी, जिसमें इफको चौक की ओर 625 मीटर और अर्दी सिटी की ओर 725 मीटर का हिस्सा शामिल रहेगा. इसके अलावा इफको चौक और अर्दी सिटी की ओर अतिरिक्त यू-टर्न, 9.5 मीटर चौड़ी सर्विस रोड तथा दोनों ओर 2.5 मीटर चौड़े फुटपाथ बनाए जाएंगे.

पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए लगभग 300 मीटर लंबा कवर फुट ओवरब्रिज भी बनाया जाएगा, जिसमें चार लिफ्ट और एस्केलेटर की सुविधा होगी. परियोजना में ऑन-ग्रिड सोलर पैनल और दो रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी शामिल किए गए हैं. प्रत्येक रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की क्षमता 2 लाख लीटर होगी.

तीनों परियोजनाओं के निर्माण के लिए टेण्डर अलॉट होने के बाद 18-18 महीने की समयावधि निर्धारित की गई है.

शहर के प्रमुख यातायात जंक्शनों पर जाम की समस्या कम होगीः सीईओ

गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण के सीईओ पीसी मीणा ने कहा कि इन तीनों परियोजनाओं के पूरा होने से शहर के प्रमुख यातायात जंक्शनों पर जाम की समस्या कम होगी, आवागमन में लगने वाला समय बचेगा और वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल यात्रियों को भी अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक यातायात व्यवस्था उपलब्ध होगी. जीएमडीए द्वारा ये परियोजनाएं गुरुग्राम की लगातार बढ़ती आबादी और यातायात आवश्यकताओं के अनुरूप सड़क एवं परिवहन ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं. उन्होंने कहा कि जीएमडीए गुरुग्रामवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए संकल्पबद्ध है और इस दिशा में कई अहम कदम उठाए जा रहे हैं.

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now