हरियाणा में राजनीतिक हलचल एक बार फिर तेज हो गई है। इनेलो (इंडियन नेशनल लोकदल) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा है कि पार्टी जल्द ही सूचना आयोग के अध्यक्ष और अन्य सदस्यों की नियुक्ति के मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का रुख करेगी। उनका आरोप है कि यह नियुक्तियां भाजपा सरकार की तरफ से नियमों के खिलाफ की गई हैं।
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
मीडिया से बातचीत में अभय चौटाला ने कहा कि कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा भाजपा की बी टीम की तरह काम कर रहे हैं। उन्होंने बिना देखे ही इन नियुक्तियों पर हस्ताक्षर कर दिए। चौटाला ने कहा कि इनेलो कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और संगठन को मजबूत करने के लिए प्रदेशभर में बैठकों का आयोजन कर रही है।
बूथ स्तर तक मजबूत होगा संगठन
उन्होंने बताया कि पार्टी का अगला फोकस बूथ स्तर पर पदाधिकारियों की नियुक्ति का है। हर 5 गांवों को मिलाकर एक जोन बनाया जाएगा, जिसमें 15-15 सदस्य नियुक्त किए जाएंगे। ये सदस्य पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को लोगों तक पहुंचाएंगे।
भाखड़ा डैम से पानी दिलाने में इनेलो का दावा
अभय चौटाला ने कहा कि भाखड़ा डैम के पानी को लेकर इनेलो ने हरियाणा के हक की लड़ाई लड़ी। राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा गया और जिलों में प्रदर्शन हुए, जिसके चलते पंजाब सरकार को हरियाणा को 9 हजार क्यूसिक पानी देना पड़ा।
भाजपा शासन में महिलाओं पर अत्याचार बढ़े – चौटाला
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में महिलाओं के प्रति अपराधों में इजाफा हुआ है और सरकार इन पर लगाम लगाने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि इनेलो किसी भी कीमत पर जनता के अधिकारों की लड़ाई से पीछे नहीं हटेगी।