Gurgaon News: रेवाड़ी में अवैध गुटखा फैक्ट्री पर CM फ्लाइंग की रेड, 400 किलो माल बरामद, लाइसेंस भी हो चुका था एक्सपायर | State

On: October 3, 2026 11:52 AM
Follow Us:

CM FLYING TEAM RAID
रेवाड़ी में अवैध गुटखा फैक्ट्री पर CM फ्लाइंग की रेड, 400 किलो माल बरामद. लाइसेंस भी हो चुका था एक्सपायर

रेवाड़ी. रेवाड़ी में रामगढ़ रोड पर सीएम फ्लाइंग की टीम ने मिली सूचना के ऊपर एक्शन लिया. बुधवार को एक पान मसाला, सुपारी, गुटखा और तंबाकू बनाने वाली यूनिट पर अचानक छापेमारी की. फैक्ट्री परकी गई छापेमारी में अवैध रूप से पान-मसाला, गुटखा, तंबाकू और सुपारी तैयार का खुलासा हुआ. जानकारी के मुताबिक टीम ने मौके से करीब 400 किलोग्राम तैयार सामग्री को बरामद किया. छापेमारी के बाद कई डिपार्टमेंट की टीमें फैक्ट्री से जुड़े दस्तावेजों के साथ साथ अन्य पहलुओं की जांच की गई.

बताया जा रहा है कि CM फ्लाइंग ने यह कार्रवाई इंटेलिजेंस से मिली सूचना के आधार पर की. अधिकारियों के मुताबिक फैक्ट्री का पंजीकरण नूंह में कराया गया था. इसको रेवाड़ी में चलाया जा रहा था. टीम ने फैक्ट्री के संचालन को नियमों के उलट पाया है. फ्लाइंग स्क्वाड के अनुसार फैक्ट्री का संबंध रेवाड़ी एक्साइज विभाग में तैनात एक महिला इंस्पेक्टर के पति से बताया जा रहा है. छापेमारी की सूचना मिलने के बाद एक्साइज इंस्पेक्टर भी मौके पर पहुंची थीं. मीडिया की मौजूदगी देखकर वह वहां से वापस लौट गईं. अधिकारियों का ये भी कहना है कि फैक्ट्री का लाइसेंस भी इस साल मई में ही खत्म हो चुका था. इसके बाद भी इस जगह पर प्रोडक्शन किया जा रहा था.

खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी संदीप चौधरी के मुताबिक फैक्ट्री करीब दो साल से बिना किसी बोर्ड के संचालित की जा रही थी. उन्होंने यह भी बताया कि जिस क्षेत्र में फैक्ट्री चल रही थी, वहां इस तरह का निर्माण और औद्योगिक गतिविधि भी नियमों के तहत सवालों के घेरे में है.

CM फ्लाइंग की कार्रवाई के बाद GST विभाग की टीम भी जांच में जुटी रही. सूत्रों के मुताबिक टीम को फैक्ट्री से कुछ अहम दस्तावेज मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है. दस्तावेजों के आधार पर फैक्ट्री के कारोबार, लेन-देन और टैक्स से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.

मामले में एक और अहम जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि फैक्ट्री जिस इमारत में संचालित हो रही थी, उसके अवैध निर्माण को लेकर DTP विभाग पहले ही नोटिस जारी कर चुका था. CM फ्लाइंग की रेड के बाद अब खाद्य सुरक्षा, GST, एक्साइज और अन्य संबंधित विभागों की जांच से फैक्ट्री के संचालन से जुड़े कई और तथ्य सामने आने की उम्मीद है. फिलहाल विभागीय टीमें बरामद सामान और दस्तावेजों की जांच कर रही हैं.

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now