Kaithal Police Encounter News: हरियाणा के कैथल जिले में अपराधियों की धरपकड़ के दौरान पुलिस और एक वांछित आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। गुहला थाना क्षेत्र के बाबकपुर गांव के पास रविवार देर रात हुई इस मुठभेड़ में आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके घुटने में लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया। आरोपी के पास से अवैध हथियार बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृपाल उर्फ बल्लू निवासी अलीपुर, पंजाब के रूप में हुई है। वह चोरी और छीना-झपटी के कई मामलों में वांछित बताया जा रहा है। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड और बरामद हथियार के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
बाबकपुर के पास जंगल में मिला आरोपी
पुलिस के अनुसार एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की टीम गुहला थाना क्षेत्र में अपराधियों की तलाश में गश्त कर रही थी। टीम में ASI अजीत सिंह, ASI राममेहर, ASI अशोक, ASI संदीप और सिपाही सरवन कुमार शामिल थे। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कृपाल उर्फ बल्लू बाबकपुर से रत्ताखेड़ा जाने वाली सड़क के पास जंगल में मौजूद है। यह भी सूचना मिली थी कि आरोपी के पास अवैध हथियार है और वह बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल के साथ वहां मौजूद था। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। पुलिस को देखते ही आरोपी जंगल की तरफ भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी।
ASI की बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई जान
आरोपी की ओर से चलाई गई एक गोली ASI अजीत सिंह की छाती पर लगी। हालांकि अजीत सिंह ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिसके कारण गोली शरीर के अंदर नहीं जा सकी और उनकी जान बच गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई से पहले सुरक्षा के लिए बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी। आरोपी की फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस की गोली कृपाल उर्फ बल्लू के घुटने में लगी। गोली लगने के बाद आरोपी घायल होकर गिर गया और पुलिसकर्मियों ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया। आरोपी की तरफ से चार फायर किए गए, जबकि पुलिस की ओर से भी चार राउंड जवाबी फायरिंग की गई।
आरोपी से अवैध हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .32 बोर का अवैध असलहा बरामद किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से आया और आरोपी ने इसका इस्तेमाल पहले किन वारदातों में किया था। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं, जिन्हें जांच में शामिल किया जाएगा। मुठभेड़ में घुटने में गोली लगने के बाद आरोपी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गुहला ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे नागरिक अस्पताल कैथल रेफर कर दिया गया। पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।












