Haryana News: हरियाणा के लोगों को एयर इंडिया ने बड़ी सौगात दी है। चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से शारजाह के लिए सीधी उड़ान सेवा तीन साल के अंतराल के बाद 26 अक्तूबर से दोबारा शुरू होगी। एयर इंडिया एक्सप्रेस की यह नॉन-स्टॉप उड़ान सप्ताह में चार दिन सोमवार, मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी। इससे ट्राईसिटी सहित पंजाब और हरियाणा के यात्रियों को संयुक्त अरब अमीरात जाने के लिए सीधा हवाई संपर्क मिलेगा।
26 अगस्त से सीधी उड़ान
शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 26 अक्तूबर से लागू होने वाला विंटर शेड्यूल 28 मार्च, 2027 तक जारी रहेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, चंडीगढ़ से शारजाह जाने वाली उड़ान दोपहर 1:50 बजे रवाना होगी और शाम 5:50 बजे शारजाह पहुंचेगी। वापसी में उड़ान शारजाह से शाम 5:50 बजे रवाना होकर रात 11:05 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। एक तरफ का शुरुआती किराया करीब 17,820 रुपये बताया गया है।
प्रवासियों को मिलेगी सहूलियत
शारजाह सेवा बंद होने के बाद यात्रियों को संयुक्त अरब अमीरात जाने के लिए दूसरे विकल्पों पर निर्भर रहना पड़ता था। उड़ान दोबारा शुरू होने से कारोबारियों, प्रवासी पंजाबियों और पर्यटकों को सुविधा मिलेगी।
अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा
इस सेवा की बहाली के साथ चंडीगढ़ हवाई अड्डे से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के तीन रूट हो जाएंगे। फिलहाल, दुबई और अबू धाबी के लिए इंडिगो की उड़ानें संचालित हो रही हैं। शारजाह रूट पर सेवा शुरू होने से अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा।












