Last Updated:
Diwali Fire Insurance Claim : दिवाली खुशियों का त्योहार है, लेकिन कई बार इस दिन हादसे हो जाते हैं. सबसे ज्यादा हादसे आग लगने के देखने को मिलते हैं. ऐसे में आपके यहां दिवाली पर दीये, मोमबत्ती या पटाखों से घर में आग लग जाए तो क्या बीमा कंपनी नुकसान की भरपाई करेगी. घर और सामान का बीमा होने पर कैसे मिलेगा क्लेम. फरीदाबाद के एडवोकेट मोहन तिवारी से जानिए क्लेम लेने का पूरा तरीका और कंपनी के मना करने पर कहां करें शिकायत. लोकल 18 से एडवोकेट मोहन तिवारी बताते हैं कि अगर आपने बीमा कराया है, तो पॉलिसी में यह भी देखना होगा कि घर के सामान को हुए नुकसान की भरपाई शामिल है या नहीं.
फरीदाबाद. दिवाली खुशियों और रोशनी का पर्व है, लेकिन इस दौरान छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे की वजह बन सकती है. कहीं पटाखे की चिंगारी से घर में आग लग जाती है, तो कहीं दीये और मोमबत्ती से घर का सामान जलकर राख हो जाता है. कई बार ऐसे हादसों में लोगों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ता है. ऐसे में अगर आपने अपने घर का बीमा करा रखा है, तो क्या आग लगने पर बीमा कंपनी नुकसान की भरपाई करेगी. क्लेम लेने के लिए सबसे पहले क्या करना होगा और अगर कंपनी पैसा देने से मना कर दे तो कहां शिकायत कर सकते हैं. इन सभी सवालों के जवाब फरीदाबाद सेक्टर-12 कोर्ट के एडवोकेट मोहन तिवारी ने लोकल 18 से बातचीत में दिए.
सबसे पहले करें ये काम
एडवोकेट मोहन तिवारी बताते हैं कि सबसे पहले यह देखना जरूरी है कि आपने घर का बीमा कराया है या नहीं. अगर बीमा कराया है, तो पॉलिसी में यह भी देखना होगा कि घर के सामान को हुए नुकसान की भरपाई शामिल है या नहीं. कई बार लोग सिर्फ मकान का बीमा कराते हैं और घर के सामान का बीमा नहीं कराते. इसलिए पॉलिसी की शर्तों को समझना बहुत जरूरी है. मोहन तिवारी के मुताबिक, अगर दिवाली पर घर में आग लग जाती है, तो सबसे पहले अपनी और परिवार की सुरक्षा करें. जान बचाना सबसे ज्यादा जरूरी है. जब सभी लोग सुरक्षित हो जाएं, उसके बाद बीमा कंपनी को घटना की जानकारी दें. कंपनी की तरफ से एजेंट या सर्वेयर मौके पर आकर नुकसान की जांच करते हैं और उसी आधार पर आगे क्लेम की प्रक्रिया शुरू होती है.
मोहन तिवारी बताते हैं कि आग लगने पर घर और सामान को हुए नुकसान के सबूत अपने पास रखने चाहिए. घर के जले हुए हिस्से और खराब सामान की तस्वीरें या वीडियो सुरक्षित रख सकते हैं. सर्वेयर भी मौके पर पहुंचकर जांच करता है और घटना से जुड़ी जानकारी जुटाता है. अगर मोमबत्ती, दीये या पटाखे से आग लगती है, तो बीमा क्लेम मिल सकता है. हालांकि, इसके लिए जरूरी है कि संबंधित घटना आपकी पॉलिसी के कवरेज में शामिल हो और आपने उसकी सभी शर्तें पूरी की हों. घर के सामान के नुकसान पर भी क्लेम तभी मिलेगा, जब उसका बीमा पॉलिसी में शामिल हो.
मना करने पर करें क्या
अगर बीमा कंपनी क्लेम देने से मना करती है, तो सबसे पहले कंपनी के आधिकारिक पोर्टल पर लिखित शिकायत दर्ज कराएं. संबंधित अधिकारी से संपर्क करें और शिकायत की रसीद या स्क्रीनशॉट अपने पास जरूर रखें. इसके बाद भी समाधान नहीं होता है, तो कानूनी कार्रवाई का रास्ता अपनाया जा सकता है.
About the Author

प्रियांशु को एक दशक से ज्यादा हो गए पत्रकारिता में. 2015 में भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), दिल्ली से जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी कर अमर उजाला (प्रिंट, नोएडा ऑफिस) से अपने करियर की शुरुआत की. यहां लंबे समय तक हरिया…










