Last Updated:
यमुनानगर समाचार: हरियाणा के यमुनानगर में इंस्टाग्राम के लिए रील बना रहे 15 वर्षीय किशोर केशव की मालगाड़ी के ऊपर चढ़ने से हाईवोल्टेज तार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई. केशव को रील बनाने का शौक था और दोस्त के साथ वीडियो बनाने गया था.
मृतक किशोर की पहचान केशव के रूप में हुई है, जिसकी उम्र महज 15 साल बताई जा रही है.
यमुनानगर. हरियाणा के यमुनानगर में सोशल मीडिया पर रील बनाने और कुछ अलग दिखाने का शौक एक 15 वर्षीय किशोर की जिंदगी पर भारी पड़ गया और वीडियो बनाने का जुनून ऐसा जानलेवा साबित हुआ कि दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र को अपनी जान गंवानी पड़ी.
घटना यमुनानगर के जगाधरी वर्कशॉप की है, जहां मालगाड़ी के ऊपर चढ़कर वीडियो बनवा रहा किशोर हाईवोल्टेज बिजली की तारों की चपेट में आ गया. हादसा इतना भयानक था कि जोरदार धमाके के साथ किशोर बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
जानकारी के अनुसार, मृतक किशोर की पहचान केशव के रूप में हुई है, जिसकी उम्र महज 15 साल बताई जा रही है. केशव जगाधरी वर्कशॉप में खड़ी मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया था. बताया जा रहा है कि वह वहां वीडियो बनवा रहा था. इसी दौरान ऊपर से गुजर रही हाईवोल्टेज बिजली की तारों की चपेट में आ गया. बिजली का करंट लगते ही जोरदार धमाका हुआ और केशव बुरी तरह झुलस गया.
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन तब तक किशोर दम तोड़ चुका था. इस दर्दनाक हादसे ने परिवार को कभी न भरने वाला जख्म दे दिया है. केशव अपने परिवार का इकलौता बेटा था. उसकी एक छोटी बहन भी है. जिस बेटे को परिवार ने बड़े अरमानों से पाला था, उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना की सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
मैं काम पर गया थाः पिता
एलआईसी एंजेंट पिता कमल ने बताया कि आज सुबह ही बेटे को नए कपड़े लाकर दिए थे और फिर वह अपने काम पर चले गए थे. पिता ने बताया कि इंस्टाग्राम के लिए रील बनाने के चक्कर में बेटे की जान चली गई. परिवार में बेटे और मेरी, पत्नी और बेटी हैं. लेकिन अब बेटा खत्म हो गया. पुलिस अधिकारी राजेंद्र शर्मा ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि बच्चे की करंट लगने से मौत हो गई. बच्चा हाई टैंशन तारों की चपेट में आ गया. दोस्त और दोनों रील बनाते थे. अभी रेलवे को सूचना दी गई है और बिजली बंद करने क बाद शव को निकाला जाएगा.
About the Author

Vinod Kumar Katwal is a Senior journalist with over 14 years of experience across print and digital media. He currently serves as a Senior Correspondent at News 18 Hindi, leading Himachal Pradesh, Chandigarh an…







