पहचान छिपाकर होगी बात, फरीदाबाद की दंपती ने बनाया ऐसा सोशल मीडिया ऐप, जानिए फीचर्स

On: November 24, 2026 4:17 AM
Follow Us:

फरीदाबाद. कई बार लोग सोशल मीडिया पर अपनी पहचान सुरक्षित रखने को लेकर भी चिंतित रहते हैं. इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए फरीदाबाद के दंपती दीपक कुमार नागपाल और उनकी पत्नी ने एक भारतीय सोशल मीडिया ऐप तैयार किया है. इस ऐप का नाम R19 है. इसे बनाने में करीब एक साल का समय लगा है और लगभग दो महीने पहले इसे लॉन्च किया गया है. ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार करना था, जहां लोग सोशल मीडिया के अलग-अलग फीचर्स का इस्तेमाल कर सकें और उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर भी बेहतर विकल्प मिलें. लोकल 18 से दीपक नागपाल बताते हैं कि लोग इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन ये सभी विदेशी एप्लिकेशन हैं. मेरी पत्नी एक इन्फ्लुएंसर हैं और वह इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब पर वीडियो और DIY से जुड़ा कंटेंट डालती हैं. सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय उन्हें भी कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता था. कई बार कोई भी अनजान व्यक्ति किसी को भी मैसेज कर सकता है. इसी बात को लेकर हमारे मन में विचार आया कि भारत का अपना एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म होना चाहिए. इसके बाद हमने इस दिशा में काम शुरू किया और करीब एक साल की मेहनत के बाद R19 ऐप तैयार करवाया. मुझे शुरू से ही अपना डिजिटल प्लेटफॉर्म बनाने में दिलचस्पी थी. पहले मैं प्रॉपर्टी का काम करता था, लेकिन इस बार मैंने कुछ नया करने की कोशिश की है.

प्रोफेशनल कंपनी की मदद से तैयार

दीपक बताते हैं कि इस ऐप को बनाने के लिए हमने प्रोफेशनल कंपनी की मदद ली है. इसमें तकनीकी रूप से काम करने वाले विशेषज्ञों ने एप्लिकेशन तैयार किया है. हमारा उद्देश्य सिर्फ एक और सोशल मीडिया ऐप बनाना नहीं था, बल्कि ऐसा प्लेटफॉर्म तैयार करना था, जहां लोग वीडियो, रील्स, स्टोरी और दूसरे फीचर्स का इस्तेमाल एक ही जगह पर कर सकें. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भी इसमें कई सुविधाएं दी गई हैं. जिस कंपनी के माध्यम से हमने इसे तैयार करवाया है, उसने ऐप का कोड और तकनीकी जानकारी सुरक्षित रखी है. हमारा प्रयास है कि यूजर्स का निजी डाटा सुरक्षित रहे और किसी का डाटा लीक न हो.

काफी हद तक इंस्टाग्राम जैसा

दीपक बताते हैं कि R19 ऐप देखने और इस्तेमाल करने में काफी हद तक इंस्टाग्राम जैसा है, लेकिन इसमें कुछ अलग फीचर्स भी दिए गए हैं. इसमें यूजर्स अपनी फोटो, वीडियो, रील्स और स्टोरी अपलोड कर सकते हैं. इसकी स्टोरी का समय बाकी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से अलग रखा गया है. आमतौर पर दूसरे प्लेटफॉर्म पर स्टोरी 24 घंटे तक दिखाई देती है, लेकिन R19 में स्टोरी लगाने के बाद उसी दिन रात 12 बजे हट जाती है. उदाहरण के तौर पर अगर कोई व्यक्ति रविवार को सुबह या शाम किसी भी समय स्टोरी लगाता है, तो वह रविवार रात 12 बजे अपने आप हट जाएगी. लाइव लोकेशन शेयर करने की सुविधा भी दी गई है. अगर किसी व्यक्ति की शाम को कोई मीटिंग है और वह सुबह ही अपनी लोकेशन शेयर करना चाहता है, तो वह ऐसा कर सकता है. ऐप में लॉगिन करते समय यूजर से लोकेशन मांगी जाती है. अगर कोई व्यक्ति अपनी लोकेशन नहीं देना चाहता, तो वह मैन्युअली अपना पिन कोड डाल सकता है. पिन कोड के आधार पर उसका एक ट्राइब यानी ग्रुप बन जाता है. इसमें यूजर अपने आसपास के लोगों से जुड़ सकता है. ग्रुप के अंदर पोस्ट करने के साथ-साथ चैट रूम की सुविधा भी मिलती है.

एनोनिमस प्रोफाइल बनाने का विकल्प

दीपक बताते हैं कि इस फीचर की खास बात यह है कि यूजर चाहे तो अपनी पहचान छिपाकर भी बातचीत कर सकता है. इसके लिए एनोनिमस प्रोफाइल बनाने का विकल्प दिया गया है. इसमें व्यक्ति अपना नाम और फोटो बदलकर बातचीत कर सकता है, जिससे उसकी असली प्रोफाइल दूसरे लोगों को दिखाई नहीं देती. अगर कोई व्यक्ति किसी नए शहर या इलाके में आता है और उसे वहां रहने के लिए कमरा, स्कूल, कॉलेज या अस्पताल की जानकारी चाहिए, तो वह अपने पिन कोड वाले ग्रुप में जाकर लोगों से मदद मांग सकता है. वहां मौजूद दूसरे लोग उसे जरूरी जानकारी दे सकते हैं. इसके अलावा यूजर अपनी जरूरत के हिसाब से अलग-अलग ग्रुप बना सकता है और दूसरे ग्रुप भी जॉइन कर सकता है.

चलाने में आसान और स्मूथ

दीपक के मुताबिक, अभी तक इस ऐप को करीब 4 हजार लोग डाउनलोड कर चुके हैं. यह गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर दोनों पर उपलब्ध है. शुरुआती यूजर्स की तरफ से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है. लोगों का कहना है कि ऐप चलाने में आसान और स्मूथ है. इसमें वीडियो और रील्स अपलोड करने की भी सुविधा है. इसमें वीडियो के अलग-अलग रेशो को लेकर परेशानी नहीं होती. फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर वीडियो के रेशो अलग-अलग होते हैं, लेकिन R19 में किसी भी रेशो में वीडियो अपलोड किया जा सकता है और वह उसी के अनुसार चल सकता है.

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now

और पढ़ें