चंडीगढ़ | शादी, तलाक, बच्चों की परवरिश और संपत्ति के बंटवारे जैसे मामले हर परिवार से जुड़े होते हैं। इन मामलों में अलग-अलग धर्मों के लिए अलग कानूनी व्यवस्थाएं हैं। अब हरियाणा में इन सभी मामलों के लिए एक समान कानून बनाने की दिशा में पहल की गई है। बता दें कि हरियाणा राज्य विधि आयोग ने समान नागरिक संहिता (UCC) का विस्तृत मसौदा तैयार कर मुख्य सचिव और गृह विभाग को भेज दिया है।

इसमें विवाह, तलाक, भरण-पोषण, बच्चों की अभिरक्षा, उत्तराधिकार और लिव-इन संबंधों को शामिल किया गया है। हालांकि, इसे लागू करने का अंतिम फैसला राज्य सरकार करेगी। जी हां, तो चलिए आज के आर्टिकल में हम आपको इसके बारे में विस्तार से बताते हैं…
विवाह का पंजीकरण जरूरी
प्रस्तावित मसौदे के अनुसार, संहिता लागू होने के बाद हर विवाह का 60 दिन के भीतर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। हरियाणा का निवासी दूसरे राज्य में शादी करता है तो उसे भी पंजीकरण कराना होगा। धार्मिक रीति-रिवाजों से विवाह करने की स्वतंत्रता बनी रहेगी। 11 अप्रैल 2008 से संहिता लागू होने की तारीख के बीच हुए अपंजीकृत विवाहों को एक साल के भीतर दर्ज कराने का प्रस्ताव है।
तलाक के नियमों में बदलाव
मसौदे में सभी धर्मों के लिए तलाक के समान आधार प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें क्रूरता, व्यभिचार, लगातार दो साल तक परित्याग, धर्म परिवर्तन और गंभीर मानसिक बीमारी जैसी परिस्थितियां शामिल हैं। पति के दुष्कर्म या अप्राकृतिक यौन अपराध में शामिल होने पर पत्नी को तलाक मांगने का अधिकार देने का भी प्रस्ताव है। आपसी सहमति से तलाक के लिए पति-पत्नी को कम से कम एक साल अलग रहना होगा। विशेष परिस्थितियों में अदालत इस अवधि में छूट दे सकेगी।
पति-पत्नी दोनों मांग सकेंगे गुजारा भत्ता
आर्थिक रूप से कमजोर पति या पत्नी अंतरिम और स्थायी भरण-पोषण की मांग कर सकेंगे। वहीं बच्चों की देखभाल, शिक्षा और अभिरक्षा पर अदालत फैसला लेगी। बेटियों के संपत्ति अधिकारों की सुरक्षा और लिव-इन संबंधों को कानूनी संरक्षण देने का भी प्रस्ताव है। आयोग अध्यक्ष एचएस भल्ला के अनुसार, सभी तथ्यों और संबंधित कानूनों का अध्ययन करने के बाद मसौदा तैयार किया गया है। अब सरकार इस पर विचार करेगी। मंजूरी मिलने पर इसे विधानसभा में विधेयक के रूप में पेश किया जा सकता है। उत्तराखंड में 27 जनवरी 2025 को UCC लागू हो चुका है।











