चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने आंगनवाड़ी हेल्परों को बड़ी सौगात दी है। अब सरकार हेल्परों का प्रमोशन करेगी और इसके लिए प्रमोशन कोटा 25% से बढ़ाकर 50% कर दिया गया है। सरकार का मानना है कि अनुभवी हेल्परों को आगे बढ़ने का मौका मिलना चाहिए। प्रमोशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद खाली पदों पर नई भर्ती भी निकाली जाएगी। यह जानकारी विधानसभा के मानसून सत्र में दी गई।
कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने आंगनवाड़ी में खाली पदों के बारे में सवाल पूछा था। हरियाणा में कुल 25,962 आंगनवाड़ी केंद्र संचालित हैं। इन केंद्रों के लिए 25,962 वर्कर और 25,450 हेल्पर के पद स्वीकृत हैं। फिलहाल 23,106 वर्कर और 20,641 हेल्पर ही कार्यरत हैं।
भर्ती प्रक्रिया अटकी थी सिलेक्शन क्राइटेरिया के कारण
महिला एवं बाल विकास विभाग के मुताबिक, आंगनवाड़ी वर्कर और हेल्पर के खाली पदों को भरने का प्रस्ताव लंबे समय से विभाग के पास विचाराधीन था। दरअसल, अगस्त 2022 में भारत सरकार के नए दिशा-निर्देश आने के बाद नियुक्ति के लिए सिलेक्शन क्राइटेरिया तय करने में देरी हुई, जिसके चलते भर्ती प्रक्रिया अटकी रही। अब सरकार इसे शुरू करने की तैयारी कर रही है। हालांकि अभी यह तय नहीं है कि भर्ती जिला स्तर पर होगी या प्रदेश स्तर पर।
आंगनवाड़ी वर्कर और हेल्पर का मानदेय
वर्तमान में महिला एवं बाल विकास विभाग आंगनवाड़ी वर्करों को अनुभव के आधार पर मानदेय दे रहा है।
- 10 वर्ष से अधिक अनुभव वाली वर्कर को ₹14,750 
- 10 वर्ष से कम अनुभव वाली वर्कर को ₹13,250 
- आंगनवाड़ी हेल्पर को ₹7,900 
HKRNL के तहत 22,867 नई नियुक्तियां
वहीं हरियाणा कौशल रोजगार निगम लिमिटेड (HKRNL) के तहत अब तक कुल 1,29,430 नियुक्तियां की जा चुकी हैं। इनमें 22,867 नई भर्तियांऔर 1,06,563 पोर्टेड मैनपावर शामिल हैं। यह जानकारी विधानसभा में राज्यमंत्री गौरव गौतम ने दी। उन्होंने बताया कि इन सभी नियुक्तियों में आरक्षण नीति का पालन किया जा रहा है।














