हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोनीपत जिले के खरखौदा पहुंचे, जहां उन्होंने खरखौदा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विकास रैली को संबोधित किया। अपने भाषण में मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र की जनता विकास, सुशासन और पारदर्शिता की नीति के साथ मजबूती से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि विकास कार्यों को जमीन पर उतारना है।
विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और बड़ी घोषणाएं
विकास रैली के दौरान मुख्यमंत्री ने कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया और खरखौदा शहर के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि थाना चौक और दिल्ली चौक का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। शहर में एक मुख्य पार्क के निर्माण के लिए 8 करोड़ रुपये, स्टेडियम के रिनोवेशन के लिए साढ़े 3 करोड़ रुपये और कूड़े के निपटान के लिए 8 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से प्लांट लगाया जाएगा।
पानी, सड़क और लाइब्रेरी पर फोकस
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि खरखौदा में एक आधुनिक लाइब्रेरी बनाई जाएगी। पीने के पानी की आपूर्ति की समस्या को 31 दिसंबर 2026 तक पूरी तरह हल किया जाएगा, जिस पर 26 करोड़ 46 लाख रुपये खर्च होंगे। भूमि उपलब्ध होने पर रेस्ट हाउस का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा पीडब्ल्यूडी की 9 सड़कों का निर्माण 28 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा और खरखौदा के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे।
पंडित लख्मीचंद जी पर पुस्तक का विमोचन
इस अवसर पर हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी पंचकूला द्वारा प्रकाशित पुस्तक “पंडित लख्मीचंद जी का ब्रह्मज्ञान” का विमोचन भी किया गया। पुस्तक के टीकाकार गांव पाई निवासी पंडित दधीचि ऋषि वत्स हैं। कार्यक्रम में अकादमी के सदस्य सचिव मनजीत सिंह और भूपेंद्र सिंह मौजूद रहे।
वीर भूमि और सांस्कृतिक पहचान
सीएम सैनी ने खरखौदा को ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और वीर भूमि बताते हुए कहा कि इस क्षेत्र ने देश को बहादुर सैनिक, मेहनती किसान और कर्मयोगी दिए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विकास को केवल इमारतों तक सीमित नहीं मानती, बल्कि किसान, युवा, महिला, बुजुर्ग और गरीब के सशक्तिकरण को असली विकास मानती है।
11 वर्षों में 2,081 करोड़ के कार्य
रैली में बताया गया कि पिछले 11 वर्षों में खरखौदा विधानसभा क्षेत्र में 2,081 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराए गए हैं। इनमें आईएमटी खरखौदा में 1,027 करोड़ रुपये के इंफ्रास्ट्रक्चर कार्य शामिल हैं। इससे पहले के 10 वर्षों में क्षेत्र में केवल 301 करोड़ रुपये के विकास कार्य हुए थे।
एनसीआर का उभरता औद्योगिक केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि खरखौदा एनसीआर क्षेत्र का तेजी से उभरता औद्योगिक केंद्र बन रहा है। यहां 18 हजार करोड़ रुपये के निवेश से अल्ट्रा मेगा ऑटो उद्योग परियोजना और 2 हजार करोड़ रुपये के निवेश से मोटरसाइकिल उद्योग स्थापित किया जा रहा है, जिससे स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार मिलेगा।
प्रशासनिक और नागरिक सुविधाएं मजबूत
मुख्यमंत्री ने बताया कि खरखौदा में मिनी सचिवालय, न्यायिक परिसर, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और अनाज मंडी के विस्तार जैसे कई इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट पूरे किए गए हैं, जिससे प्रशासनिक और नागरिक सुविधाओं को मजबूती मिली है।
जनकल्याण योजनाओं का लाभ
सीएम सैनी ने कहा कि सोनीपत जिले में दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना, आयुष्मान-चिरायु योजना, हर घर-हर गृहिणी योजना और एमएसपी पर फसल खरीद जैसी योजनाओं से लाखों लोग लाभान्वित हो रहे हैं। सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाकर 3,200 रुपये प्रतिमाह कर दी गई है।
युवाओं को रोजगार और भविष्य की दिशा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक वर्ष में 34 हजार युवाओं को बिना पर्ची-खर्ची सरकारी नौकरियां दी गई हैं और 11 वर्षों में 1.80 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिला है। रैली के अंत में उन्होंने कहा कि सरकार विकास की रफ्तार को और तेज करेगी और किए गए हर वादे को पूरा किया जाएगा।











