Last Updated:
Panchkula News: हरियाणा के पंचकूला में कालका-शिमला हाईवे पर बाइक और स्कूटी से स्टंटबाजी करने वालों पर पुलिस ने कार्रवाई की. दो वाहनों के 45 हजार रुपये के चालान किए गए और उन्हें जब्त कर लिया गया. एक चालक नाबालिग था.पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने युवाओं को सख्त नसीहत देते हुए कहा कि सड़क कोई स्टंट करने का मैदान नहीं है.
पंचकूला. हरियाणा के पंचकूला में कालका-शिमला हाईवे पर चंडीमंदिर टोल प्लाजा के पास बाइक और स्कूटी से खतरनाक तरीके से स्टंटबाजी पर पुलिस ने एक्शन लिया है. पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए. उन्होंने ऐसे स्टंटबाज वाहन चालकों पर प्रभावी नकेल कसने तथा हाईवे समेत अन्य प्रमुख सड़कों पर खतरनाक ड्राइविंग करने वालों की नियमित निगरानी के भी निर्देश दिए.
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने बताया कि सूरजपुर ट्रैफिक एसएचओं अभिषेक ने वायरल वीडियो की जांच करते हुए स्टंटबाजी करने वाले बाइक व स्कूटी चालकों की पहचान की. दोनों वाहनों के खिलाफ कुल 45 हजार रुपये के चालान किए गए, जिसमें एक वाहन का 20 हजार रुपये तथा दूसरे वाहन का 25 हजार रुपये का चालान शामिल है. कार्रवाई के दौरान यह भी सामने आया कि इनमें से एक चालक नाबालिग था. पुलिस ने दोनों वाहनों को इंपाउंड भी कर लिया है.
एसीपी ट्रैफिक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों चालकों को सूरजपुर ट्रैफिक थाना में बुलाकर स्टंटबाजी के संबंध में समझाया गया. इस दौरान दोनों चालकों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और अन्य युवाओं से भी सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी न करने की अपील की.
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने युवाओं को सख्त नसीहत देते हुए कहा कि सड़क कोई स्टंट करने का मैदान नहीं है. सड़क पर आपकी बाइक अकेले नहीं चलती, आपके साथ दूसरे परिवारों की जिंदगी भी सफर करती है. आप केवल अपनी जान को जोखिम में नहीं डालते, बल्कि सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों की जिंदगी को भी खतरे में डालते हैं. कुछ सेकंड का रोमांच जिंदगीभर का पछतावा बन सकता है.
युवाओं और वाहन चालकों से अपील
उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा और हुनर का इस्तेमाल सकारात्मक कार्यों में करना चाहिए. खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा दिखाना, किसी मुसीबत में फंसे व्यक्ति की जान बचाना या जरूरतमंद की मदद करना ही वास्तविक बहादुरी है. उन्होंने कहा कि याद रखिए, सड़क पर दूसरों की जान जोखिम में डालने वाला सिरफिरा कहलाता है, जबकि असली हीरो वह है जो जिम्मेदारी से वाहन चलाकर खुद को और दूसरों को सुरक्षित रखता है. उन्होनें युवाओं और वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने, लाइक और व्यूज पाने या रोमांच के लिए खतरनाक स्टंट करने से पूरी तरह बचें.
About the Author

Vinod Kumar Katwal is a Senior journalist with over 14 years of experience across print and digital media. He currently serves as a Senior Correspondent at News 18 Hindi, leading Himachal Pradesh, Chandigarh an…
और पढ़ें













