Last Updated:
Nuh News: नूंह में दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेसवे के किनारे बने अवैध ढाबों पर प्रशासन ने फिर बुलडोजर चलाया है. फिरोजपुर झिरका इलाके में हुई कार्रवाई के दौरान जेसीबी से ढाबों के ढांचे तोड़े गए फिर कुर्सी, गैस चूल्हे और सिलेंडर समेत सामान जब्त किया गया. प्रशासन का कहना है कि इन ढाबों की वजह से सड़क किनारे अवैध पार्किंग बढ़ रही थी, जिससे एक्सप्रेसवे पर हादसों का खतरा बना हुआ था.
अवैध ढाबों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई.
नूंह: दिल्ली-मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेसवे के किनारे बने अवैध ढाबों और होटलों पर प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है. नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका सदर इलाके में प्रशासन ने जेसीबी की मदद से एक्सप्रेसवे के आसपास बनाए गए अवैध ढांचों को तोड़ दिया. इस दौरान ढाबों से कुर्सियां, गैस चूल्हे, सिलेंडर और दूसरा सामान भी जब्त किया गया.
बताया गया कि यह कार्रवाई फिरोजपुर झिरका के एसडीएम की अगुवाई में की गई. मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट, एनएचएआई के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे. सुरक्षा को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया था.
हादसों का खतरा बन रहे थे ढाबे
पुलिस के मुताबिक एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ और आसपास के खेतों में कई लोगों ने बिना अनुमति के ढाबे और होटल बना लिए थे. इन जगहों पर एक्सप्रेसवे पर आने-जाने वाले वाहन रुकते थे. इससे सड़क के किनारे अवैध पार्किंग बढ़ रही थी और तेज रफ्तार वाहनों के बीच हादसे का खतरा बना रहता था. प्रशासन का कहना है कि एक्सप्रेसवे पर इस तरह की गतिविधियों से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी. इसी वजह से अवैध ढाबों को हटाने का अभियान चलाया गया.
पहले भी टूट चुके थे ढाबे, फिर खड़े हो गए ढांचे
पुलिस के अनुसार इन अवैध ढाबों के खिलाफ पहले भी कार्रवाई की जा चुकी है. कार्रवाई के बाद कुछ लोगों ने दोबारा अस्थायी ढांचे खड़े कर लिए थे. प्रशासन को सोशल मीडिया और दूसरे माध्यमों से इसकी जानकारी मिल रही थी. इसके बाद फिर से अभियान चलाकर इन ढाबों को हटाया गया. कार्रवाई के दौरान जेसीबी से अवैध निर्माण तोड़े गए। साथ ही वहां रखा सामान भी जब्त कर लिया गया, ताकि लोग दोबारा उसी जगह पर ढाबा शुरू न कर सकें.
हादसे रोकने के लिए जारी रहेगा अभियान
नूंह पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने एक्सप्रेसवे पर हादसे रोकने के लिए अवैध ढाबों और ऐसी दूसरी गतिविधियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. इसी के तहत एसडीएम की ओर से नियुक्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में यह अभियान चलाया गया. प्रशासन और पुलिस का कहना है कि एक्सप्रेसवे की सुरक्षा को देखते हुए अवैध ढाबों और होटलों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
About the Author

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…
और पढ़ें












