Haryana Weather Alert: हरियाणा में सर्दी लगातार अपना असर बढ़ा रही है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे कई इलाकों में विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई। कोहरे के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए।
झज्जर में पांच दिन बाद फिर छाया घना कोहरा
झज्जर जिले में पांच दिनों की राहत के बाद सोमवार सुबह फिर से घना कोहरा छा गया। दृश्यता बेहद कम होने के कारण यातायात प्रभावित रहा। यहां सोमवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रोहतक में भी धुंध का असर, AQI 208
रोहतक में भी सोमवार सुबह करीब 9 बजे तक घनी धुंध छाई रही। सड़कों पर दृश्यता केवल 10 प्रतिशत तक रह गई, जिससे वाहनों की गति धीमी हो गई।
यहां न्यूनतम तापमान 7 डिग्री और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह के समय शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 208 दर्ज किया गया।
10 जिलों में शीतलहर का अलर्ट
मौसम विभाग ने हरियाणा के 10 जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। इनमें—
महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, फरीदाबाद, गुरुग्राम, झज्जर, हिसार, रोहतक, जींद, भिवानी और चरखी दादरी शामिल हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भिवानी सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हिसार रहा सबसे ठंडा जिला
प्रदेश में हिसार सबसे ठंडा जिला रिकॉर्ड किया गया, जहां न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। ठंड और कोहरे के चलते जनजीवन प्रभावित बना हुआ है।
नए साल पर बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक, 31 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहेगा और घना कोहरा बना रहेगा।
हालांकि 1 जनवरी 2026 यानी नए साल के दिन हरियाणा में बारिश की संभावना जताई गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में देखने को मिलेगा, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।












