इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय चौटाला ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार जनविरोधी फैसले ले रही है और अब सरकार ने एक दिव्यांग विरोधी फरमान जारी कर दिया है।
अभय चौटाला ने कहा कि हरियाणा सरकार ने दिव्यांग कर्मचारियों को 58 वर्ष की आयु के बाद मिलने वाला 2 साल का सेवा विस्तार समाप्त कर दिया है, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। INLD इस फैसले की कड़ी निंदा करती है और मांग करती है कि भाजपा सरकार इस निर्णय को तुरंत वापस ले।
उन्होंने कहा कि सरकार को दिव्यांगजनों को अतिरिक्त सुविधाएं देनी चाहिए थीं, लेकिन सरकार उनके मौजूदा अधिकार भी छीन रही है। इसी तरह जानबूझकर आय को जोड़कर बुजुर्गों की सम्मान पेंशन काटी जा रही है।
अभय चौटाला ने याद दिलाया कि बुजुर्गों की पेंशन चौधरी देवीलाल ने आय देखकर नहीं, बल्कि सम्मान देने के उद्देश्य से शुरू की थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न विभागों में एक लाख से ज्यादा नियमित पद खाली पड़े हैं, लेकिन सरकार उन्हें भरने के बजाय युवाओं को ठेके पर रखने का काम कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा के मेधावी युवाओं को साजिश के तहत नियमित सरकारी नौकरियों से वंचित किया जा रहा है, जबकि बाहर के प्रदेशों के संघ से जुड़े लोगों को बड़े पदों पर नियमित भर्ती दी जा रही है।
अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार पूरी तरह से फेल हो चुकी है और हरियाणा को विनाश की ओर धकेल रही है। आज दिव्यांग, बुजुर्ग, महिला, युवा, किसान, कर्मचारी और छोटे व्यापारी सभी सरकार से दुखी हैं। उन्होंने दावा किया कि 2029 में प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगी, और INLD की सरकार बनने पर हर वर्ग का बिना भेदभाव समान विकास किया जाएगा।













