- गली-सड़ी हालत में मिला शव, दो लोगों के खिलाफ किया हत्या का मामला दर्ज
- तेजधार हथियारों से की गई हत्या, पुलिस ने मौके से जुटाए साक्ष्य
Jind News(मेरा हरियाणा नेटवर्क) जींद। जुलाना खंड के गांव नंदगढ़ में बैड से एक व्यक्ति का गली-सड़ी हालत में शव बरामद हुआ है। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर नंदगढ़ गांव निवासी रामकेश व मोहित के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या तेजधार हथियारों से की गई है। पूरे घर में खून फैला हुआ था। मकान से जब बदबू आई तो इसके बारे में पता चला।
गांव नंदगढ़ निवासी 40 वर्षीय चांद अविवाहित था। वह अपने भाई सतबीर के साथ ही उसके मकान में रहता था। 22 अप्रैल को सुबह चांद घर से निकला था लेकिन शाम तक वापस नहीं आया। सतबीर ने अपने भाई की तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। सतबीर ने बताया कि उसे पता चला कि उसके भाई चांद को गांव के ही रामकेश व मोहित के साथ दिन में देखा गया था।
पुलिस ने सतबीर की शिकायत पर रामकेश व मोहित के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी
सतबीर ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि ग्रामीणों ने यह भी बताया कि 22 अप्रैल को मोहित व रामकेश ने उसके भाई चांद के साथ मारपीट भी की थी। शुक्रवार सुबह सतबीर मोहित के घर गया। मोहित भी अपने मकान में अकेला ही रहता था। सतबीर ने बाहर से कुंडी खोली और मोहित के घर में दाखिल हुआ। उसे घर में कोई नहीं मिला। सतबीर को घर के अंदर से बदबू आने लगी। उसने मकान के अंदर जाकर देखा तो वहां चारों तरफ खून बिखरा पड़ा था।
जब उसने मोहित के बैड को खोल कर देखा तो उसमें उसके भाई का शव गली, सड़ी हालत में मिला। उसने इसकी सूचना अपने परिजनों को दी और पुलिस को भी दी। सूचना पाकर डीएसपी रिषि सोढ़ी व जुलाना थाना प्रभारी कुलदीप सिंह मौके पर पहुंचे और फारेंसिंक टीम को बुला कर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। पुलिस ने सतबीर की शिकायत पर रामकेश व मोहित के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए डीएसपी रिषभ सोढ़ी ने बताया कि शव गली-सड़ी हालत में मिला है। पुलिस ने रामकेश व मोहित के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शव की हालत देखने से पता चलता है कि उसकी हत्या उसी दिन कर दी गई थी और सुबूत मिटाने के लिए शव को बैड में डाल दिया गया था। मोहित व रामकेश उसी दिन से गायब हैं। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़े:- Labour Protest in Noida : नोएडा में श्रमिक आंदोलन के बाद प्रशासन सख्त, औद्योगिक सेक्टर चार जोन में विभाजित














