Ambala School Bomb Threat: अंबाला के 4 बड़े स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस और सेना अलर्ट

On: January 19, 2026 3:31 PM
Follow Us:
Ambala School Bomb Threat: अंबाला के 4 बड़े स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस और सेना अलर्ट

Ambala School Bomb Threat: हरियाणा के अंबाला में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शहर के चार बड़े और प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। यह ईमेल सुबह 8 बजकर 22 मिनट पर स्कूल प्रशासन को प्राप्त हुआ, जिसमें दोपहर 2 बजकर 11 मिनट पर ब्लास्ट करने की धमकी दी गई थी। इस सूचना के बाद स्कूल प्रशासन, अभिभावकों और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि तय समय तक कोई विस्फोट नहीं हुआ और स्थिति नियंत्रण में रही। एहतियात के तौर पर स्कूलों में छुट्टी नहीं की गई, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई।

धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद जिन स्कूलों के नाम सामने आए हैं, उनमें अंबाला सिटी स्थित एसए जैन स्कूल, अंबाला कैंट का पुलिस डीएवी रिवरसाइड स्कूल और सैन्य क्षेत्र में स्थित केंद्रीय विद्यालय नंबर-1 शामिल हैं। इसके अलावा कुछ अन्य स्कूलों को भी इसी तरह के ईमेल मिलने की सूचना है, जिसकी जांच की जा रही है।

धमकी की गंभीरता को देखते हुए सैन्य क्षेत्र में स्थित केंद्रीय विद्यालय नंबर-1 के बाहर सेना के जवानों की तैनाती कर दी गई है। स्कूल परिसर, क्लास रूम, खेल मैदान और आसपास खड़े वाहनों की गहन तलाशी ली जा रही है। वहीं डीएवी रिवरसाइड स्कूल की प्रिंसिपल सीमा ने बताया कि ईमेल मिलते ही पुलिस को सूचना दे दी गई थी। शुरुआती सर्च ऑपरेशन में अभी तक किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

महेश नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र ढिल्लो ने बताया कि स्कूलों के बाहर पीसीआर और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले को शरारत मानकर जांच कर रही है, लेकिन सुरक्षा को लेकर कोई भी जोखिम नहीं लिया जा रहा है। साइबर सेल की मदद से धमकी भरा ईमेल भेजने वाले व्यक्ति के आईपी एड्रेस को ट्रैक किया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द आरोपी तक पहुंचा जा सके।

सुबह-सुबह स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी की खबर फैलते ही अभिभावकों में चिंता का माहौल बन गया। कई अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर स्कूलों के बाहर पहुंच गए। पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और हर पहलू पर नजर रखी जा रही है।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now

और पढ़ें