सीआईए डबवाली का बड़ा छापा: लगभग 10 करोड़ रुपये मूल्य की 2.95 लाख ट्रामाडोल गोलियां बरामद, एक गिरफ्तार

On: December 21, 2025 5:56 PM
Follow Us:
डबवाली

हरियाणा पुलिस की सीआईए (क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी) डबवाली की टीम ने नशीले पदार्थों की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 करोड़ रुपये बाजार मूल्य की 2 लाख 95 हज़ार प्रतिबंधित ट्रामाडोल नशीली गोलियां बरामद की हैं। यह कार्रवाई शुक्रवार रात सावंतखेड़ा गाँव के नजदीक टोल प्लाजा पर की गई।

गुप्त सूचना पर हुई थी कार्रवाई

सीआईए डबवाली के प्रभारी इंस्पेक्टर राजपाल के नेतृत्व में सुभाष चंद्र और ईएसआई सीआईए की टीम को एक गुप्त सूचना मिली थी कि एक टैक्सी के जरिए बड़ी मात्रा में नशीला सामान ले जाया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर टीम ने पंजाब रजिस्ट्रेशन की एक एरिटिका कार (टैक्सी) को टोल प्लाजा के पास रोककर तलाशी ली।

तलाशी में मिले छह कार्टून

तलाशी के दौरान पुलिस को कार के अंदर से छह बड़े कार्टून मिले, जो ट्रामाडोल नशीली गोलियों से भरे हुए थे। गोलियों की कुल संख्या 2,95,000 बताई जा रही है, जिनका अंतरराज्यीय बाजार में अनुमानित मूल्य लगभग 10 करोड़ रुपये है।

रोहतक से ला रहा था सामान, पंजाब जाने वाला था

जांच में पता चला है कि आरोपी रोहतक से यह नशीला सामान लेकर आया था और उसे पंजाब के मलोट क्षेत्र में सप्लाई करने वाला था। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलदीप सिंह (पिता परसा राम) के रूप में हुई है, जो पंजाब के मुक्तसर जिले के खोखर गाँव का निवासी है।

पुलिस ने बरामदगी के बाद संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी से पूछताछ जारी है। इस बड़ी बरामदगी से पुलिस को नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पता चलने की उम्मीद है और आगे की गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now