हरियाणा में मेट्रो को लेकर बड़ा अपडेट, रिठाला- नरेला- कुंडली मेट्रो प्रोजेक्ट को मिलेगी रफ्तार

On: December 30, 2025 6:39 PM
Follow Us:
हरियाणा में मेट्रो को लेकर बड़ा अपडेट

सोनीपत में बढ़ते प्रदूषण और शहरी विकास परियोजनाओं की धीमी प्रगति को लेकर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदूषण नियंत्रण, सड़क सफाई, प्रमुख परियोजनाओं में तेजी, शिकायत निवारण और शहर के सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता के साथ तय समय में पूरा किया जाए।

एसएमडीए की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा

सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण (SMDA) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएस ढेसी ने शहर में चल रही और प्रस्तावित परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी तरह की बाधा की जानकारी तुरंत साझा करने के निर्देश दिए।

रिठाला-नरेला-कुंडली मेट्रो और आरआरटीएस पर फोकस

बैठक में रिठाला-नरेला-कुंडली मेट्रो और आरआरटीएस (RRTS) परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। डीएस ढेसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में तेजी लाई जाए ताकि इन्हें निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जा सके। परियोजनाओं के दौरान आने वाली समस्याओं को तुरंत उच्च स्तर पर रखने को कहा गया।

प्रदूषण नियंत्रण को लेकर सख्त निर्देश

प्रधान सलाहकार ने कहा कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की रिपोर्ट के अनुसार सड़कों से उठने वाली धूल प्रदूषण का बड़ा कारण है। इसे नियंत्रित करने के लिए नगर निगम आयुक्त और संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि

शहर की प्रमुख और आंतरिक सड़कों पर स्मॉग मशीनों से नियमित पानी का छिड़काव किया जाए

स्वीपिंग मशीनों से लगातार सड़क सफाई सुनिश्चित की जाए

आरआरटीएस डिपो की जमीन का काम जल्द पूरा करने के आदेश

डीएस ढेसी ने आरआरटीएस डिपो के लिए चिन्हित जमीन से जुड़े कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगराधीश से संबंधित जानकारी लेते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

‘म्हारी सड़क’ पोर्टल की शिकायतों पर त्वरित समाधान

प्रधान सलाहकार ने म्हारी सड़क पोर्टल की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोर्टल पर आने वाली सभी शिकायतों का तुरंत समाधानकिया जाए, ताकि आम जनता को सड़कों से जुड़ी समस्याओं का सामना न करना पड़े।

जीटी रोड बस स्टैंड परियोजना की समीक्षा

डीएस ढेसी ने जीटी रोड पर प्रस्तावित बस स्टैंड की प्रगति की भी समीक्षा की। रोडवेज जीएम ने बताया कि जमीन की निशानदेही पूरी कर ली गई है और बस स्टैंड को लेकर ड्राफ्ट रिपोर्ट तैयार की जा रही है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।

ड्रेन-6 और बुनियादी ढांचे पर भी चर्चा

बैठक में नगर निगम क्षेत्र के अपशिष्ट जल उपचार संयंत्र, जलापूर्ति, मुख्य सड़कों के विकास और ड्रेन-6 के दूषित पानी को यमुना नदी में जाने से रोकने को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए।

ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में एसएमडीए की सीईओ ए. मोना श्रीनिवास, नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन, डीसीपी कुशाल सिंह, नगराधीश डॉ. अनमोल, जिला नगर योजनाकार अजमेर सिंह, जीएम रोडवेज संजय कुमार सहित सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now