Last Updated:
Sohna News: हरियाणा के गुरुग्राम के सोहना में 33 केवी कार्यालय में एक युवक ने अपने बेटे व साथियों के साथ मिलकर जेई और कर्मचारियों से मारपीट की, साथ ही कार्यालय में तोड़फोड़ भी की. पुलिस जांच कर रही है.
सोहना. हरियाणा के गुरुग्राम जिले के सोहना में 33 केवी कार्यालय में युवक अपने पुत्र और साथियों के साथ कार्यालय पहुंचा और जमकर हंगामा करने लगा. कर्मचारियों का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपितों ने जेई और कार्यालय में मौजूद अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट की तथा कार्यालय में तोड़फोड़ कर दी. घटना के बाद कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
बताया जा रहा है कि गांव गांगुली निवासी वीरेंद्र अपने पुत्र और कुछ अन्य लोगों के साथ किसी काम को लेकर एसडीओ से मिलने कार्यालय आया था. इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. कर्मचारियों के अनुसार, बातचीत के दौरान मामला अचानक बिगड़ गया और आरोपित पक्ष ने कथित रूप से कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी.
कंप्यूटर और प्रिंटर में तोड़फोड़ का आरोप
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि हंगामे के दौरान कार्यालय में रखे कंप्यूटर को तोड़ दिया गया. इसके साथ ही कंप्यूटर से जुड़े प्रिंटर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया. आरोप है कि कार्यालय में रखी कुछ फाइलें भी फाड़ दी गईं. अचानक हुए हंगामे से कर्मचारियों में दहशत और रोष का माहौल बन गया.
जेई ने बताई आरोपी की पहचान
जेई सुमित ने पुलिस को दी शिकायत में आरोपित की पहचान वीरेंद्र, निवासी गांव गांगुली के रूप में बताई है. कर्मचारियों का कहना है कि सरकारी कार्यालय में इस तरह का हंगामा और तोड़फोड़ बेहद गंभीर मामला है तथा इससे सरकारी कामकाज भी प्रभावित हुआ. घटना के बाद पीड़ित कर्मचारियों ने सिटी थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की. शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों, मारपीट और कार्यालय में हुई तोड़फोड़ के आरोपों की जांच कर रही है. मामले में वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. उधर, सरकारी कार्यालय में हुए इस कथित हंगामे को लेकर कर्मचारियों में खासा रोष है. कर्मचारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है.
About the Author

Vinod Kumar Katwal is a Senior journalist with over 14 years of experience across print and digital media. He currently serves as a Senior Correspondent at News 18 Hindi, leading Himachal Pradesh, Chandigarh an…
और पढ़ें












