Crime Control :हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा है कि अपराध नियंत्रण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन थाना क्षेत्रों में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण नहीं पाया गया, वहां के थाना प्रभारी और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी, और आवश्यकता पड़ने पर डिमोशन जैसी सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को फरीदाबाद में आयोजित बजट पूर्व परामर्श बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
एसपी और थाना प्रभारियों को आत्ममंथन के निर्देश
सीएम नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा पुलिस एक सशक्त और सक्षम बल है, लेकिन यदि किसी क्षेत्र में अपराध या नशे का अवैध कारोबार बढ़ता है, तो इसकी जिम्मेदारी सीधे तौर पर एसपी और थाना प्रभारियों की होगी। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को नियमित रूप से बैठकर हालात की समीक्षा करनी चाहिए, समस्याओं की जड़ तक पहुंचना चाहिए और ठोस समाधान निकालना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से कहा कि जब आम नागरिक, खासकर महिलाएं, किसी क्षेत्र में अपराध या अवैध गतिविधियों की शिकायत करती हैं, तो पुलिस और प्रशासन को तुरंत और प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने दोहराया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।
नशे के खिलाफ और तेज होगा अभियान
सीएम नायब सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपराध और नशे के खिलाफ अभियान को और अधिक सख्ती से चलाया जाए, ताकि प्रदेश में सुरक्षित माहौल बने और जनता को सुशासन का अनुभव हो सके।











