फरीदाबाद: घर में बेटे या बेटी की शादी के लिए रिश्ते देखने लोग आते हैं, लेकिन गली की हालत देखकर भड़क जाते हैं. कोई रिश्तेदार यहां आना नहीं चाहता है. फरीदाबाद के बल्लभगढ़ की सुभाष कॉलोनी के हरी विहार, वार्ड नंबर 45 में रहने वाले लोग पिछले कई सालों से गंदगी और गटर के गंदे पानी से परेशान हैं. गली में जगह-जगह पानी भरा रहता है और घरों तक गंदा पानी पहुंच रहा है. लोगों का कहना है कि चुनाव के समय नेता वोट मांगने आते हैं और गली ठीक कराने का वादा करके चले जाते हैं, लेकिन चुनाव के बाद कोई सुध लेने नहीं आता. लोकल18 की टीम जब मौके पर पहुंची, तो लोगों ने अपना दर्द बयां किया.
बार बार शिकायत के बावजूद नहीं हो रहा समाधान
मंजू बाला बताती हैं कि जब से यहां नालियां बनी हैं, तभी से यह समस्या बनी हुई है. करीब दो-तीन साल हो गए हैं. नेता वोट लेने आते हैं और वादा करके चले जाते हैं, लेकिन उसके बाद कोई काम नहीं होता. बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं होती. रोज पानी भर जाता है और घरों से गंदा पानी निकलता रहता है. ऐसे में हम लोग कैसे रहें. जानवर भी इससे अच्छी जगह पर रह लेते हैं.
देववती बताती हैं कि यहां गटर का गंदा पानी निकलकर गलियों में बहता रहता है. बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी होती है. बच्चे पानी में गिर जाते हैं और उनके कपड़े भी खराब हो जाते हैं. तीन-चार साल से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ. नेता आते हैं और आश्वासन देकर चले जाते हैं.
मोटरसाइकिल भी पानी में डूब जाते हैं
रामा बताती हैं कि यहां की हालत बहुत खराब है. गंदे पानी की वजह से लोगों को काफी परेशानी होती है. बच्चे स्कूल नहीं जा पाते और मोटरसाइकिल भी पानी में डूब जाती हैं. सीवर साफ करने वाले कर्मचारी आते हैं, लेकिन ठीक से सफाई नहीं करते. पाइप को थोड़ा-सा अंदर डालकर वापस चले जाते हैं. जब उनसे अच्छी तरह सफाई करने के लिए कहते हैं, तो मशीन खराब होने का बहाना बनाते हैं. सीवर में मिट्टी भरी पड़ी है और गंदा पानी घरों की तरफ आने लगता है.
सविता डागर बताती हैं कि यहां गंदगी की वजह से रहना मुश्किल हो गया है. गली में पानी भरने से लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है. गंदगी के कारण बीमारी फैलने का डर बना रहता है. राजवती बताती हैं कि घर के किचन तक में गंदा पानी भर जाता है. ऐसी हालत में खाना बनाना और खाना मुश्किल हो जाता है. घर में पानी भरने के कारण काफी परेशानी उठानी पड़ती है. यहां रहने वाले लोगों को रोज इसी समस्या का सामना करना पड़ता है.
गली की हालात खराब
लालजीत चौहान बताते हैं कि मेरी उम्र 54 साल है और यहां छोटे बच्चों से लेकर बड़े लोगों तक सभी परेशान हैं. करीब चार साल से गली की हालत खराब है. सुबह छह बजे भी पार्षद से बात करने गए, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ. छोटे बच्चे गोद में लेकर निकलने पड़ते हैं और स्कूल जाने वाले बच्चों को भी परेशानी होती है. गली में पानी भरने के कारण मकान मालिकों को भी लोगों की बातें सुननी पड़ती हैं. सितारा बताती हैं कि गली में बहुत गंदगी है और पानी भरा रहता है. बच्चे भी स्कूल जाते समय पानी में गिर जाते हैं. इससे उन्हें काफी परेशानी होती है. गली की हालत इतनी खराब है कि बच्चों को रोज आने-जाने में दिक्कत होती है.
30 साल में नहीं हुआ विकास कार्य
भगवान देवी बताती हैं कि इस गली का समाधान होना चाहिए. गली ठीक हो जाएगी, तो लोग आसानी से निकल सकेंगे और बच्चे भी यहां खेल सकेंगे. यहां रहने वाले लोग करीब 20 से 30 साल से इस इलाके में रह रहे हैं, लेकिन गली की हालत ठीक नहीं हुई है. राज मंगल यादव बताते हैं किमैं पिछले चार साल से हरी विहार की इस गली की हालत देख रहा हूं. यहां कोई विकास कार्य नहीं हुआ है. बारिश के दिनों में आने-जाने में बहुत दिक्कत होती है. बच्चे स्कूल जाते हैं, तो उन्हें भी परेशानी उठानी पड़ती है. गली की हालत इतनी खराब है कि लोगों को नरक जैसी जिंदगी जीनी पड़ रही है. लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द गली की समस्या का समाधान किया जाए.









