Last Updated:
Gurugram News: हरियाणा के गुरुग्राम में मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी ने वाटिका कंपनी पर बड़ा एक्शन लिया है और 545 करोड़ की प्रॉपर्टी कुर्क कर ली है. 14 साल पुराना यह मामला है, जिसमें अब तक प्लाट आवंटन नहीं हो पाया है और कंपनी के मालिकों को भी ईडी ने गिरफ्तार कर लिया था.
गुरुग्राम में ईडी की बड़ी कार्रवाई.
गुरुग्राम. गुरुग्राम में रियल एस्टेट कंपनी वाटिका समूह पर ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुग्राम में कंपनी की 545 करोड़ की संपति कुर्क की है.प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बताया कि कंपनी ने घर खरीदारों के साथ कथित धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग की थी. कुर्क संपत्तियों में दक्षिण दिल्ली में स्थित एक फार्महाउस भी शामिल है.
केंद्रीय एजेंसी के अनुसार, ये संपत्तियां वाटिका समूह के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक अनिल भल्ला, उनकी पत्नी कंचन भल्ला और समूह की अन्य कंपनियों की हैं.
ईडी ने धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत जारी कुर्की आदेश के तहत कंचन भल्ला का दिल्ली के महरौली स्थित एक फार्महाउस भी कुर्क किया है. एजेंसी ने एक बयान में बताया कि कुर्क की गई संपत्तियों का कुल मूल्य 545.96 करोड़ रुपये है. ईडी ने कंपनी के एक अन्य प्रवर्तक गौतम भल्ला और अनिल भल्ला को सितंबर में गिरफ्तार किया था. दोनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं.
क्या है मामला
ईडी का मामला दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की ओर से वाटिका समूह और उसके प्रवर्तकों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी पर आधारित है. प्राथमिकी में धोखाधड़ी करके निवेश के लिए प्रेरित करने, आवासीय भूखंडों का कब्जा नहीं देने, एक ही भूखंड को दो बार बेचने और अन्य संबंधित अपराधों के आरोप लगाए गए हैं. 14 साल पुराना यह मामला है, जिसमें अब भी प्लॉट के लिए लोग इंतजार कर रहे हैं.
पैसे ले लिए, लेकिन प्लॉट नहीं दिए गए
25 नवंबर 2026 को धन शोधन निवारण अधिनियम में केस दर्ज किया गया था. बताया जा रहा है कि वर्ष 2010 से 2012 के बीच सात खरीदार संस्थाओं ने वटिका कंपनी को करीब 266.95 करोड़ रुपये का भुगतान किया था. इसमें वटिका इंडिया नेक्स्ट-2 में करीब 1.10 लाख वर्ग गज जमीन पर लगभग 90 करोड़ रुपये में खरीदे एक भी प्लॉट की 14 साल बाद भी डिलीवरी नहीं की गई. वटिका इंडिया नेक्स्ट में भी प्लॉट की डिलीवरी आंशिक रूप से हुई और 140.73 करोड़ रुपये के प्लॉट खरीदारों को नहीं दिए गए. परियोजनाओं के लिए 22 समूह कंपनियों के जरिये जमीन दी गई. हालांकि, इनके पास कुछ नहीं था.
About the Author

Vinod Kumar Katwal is a Senior journalist with over 14 years of experience across print and digital media. He currently serves as a Senior Correspondent at News 18 Hindi, leading Himachal Pradesh, Chandigarh an…











