Haryana News: हरियाणा के फरीदाबाद में सेक्टर-76 पी ब्लॉक के रिहायशी इलाके में बिना अनुमति कमर्शियल गतिविधियां चलाने वालों के खिलाफ जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) की टीम ने गुरुवार को कार्रवाई की। टीम ने करीब 9 यूनिट को सील कर दिया। वहीं, कुछ यूनिट संचालकों को सोमवार तक जगह खाली करने का समय दिया गया है।
शिकायत पर विभाग ने की कार्रवाई
डीटीपी अधिकारी यजन चौधरी ने बताया कि सेक्टर-76 पी ब्लॉक में कुछ लोग रिहायशी मकानों के ग्राउंड फ्लोर पर दुकानें खोलकर कमर्शियल गतिविधियां चला रहे थे। विभाग को इसकी शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर संबंधित लोगों को पहले नोटिस देकर गतिविधियां बंद करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद कई लोगों ने काम बंद नहीं किया। इसके बाद, गुरुवार को डीटीपी की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।
कार्रवाई के बीच में आया रिटायर SI
कार्रवाई के दौरान हरियाणा पुलिस से रिटायर सब इंस्पेक्टर कार्रवाई के बीच में अड़ गया और डीटीपी अधिकारी और पुलिस की कार्रवाई में बाधा डालने लगा। रिटायर सब इंस्पेक्टर ने खुद प्रॉपर्टी कार्यालय खोल रखा है। इस पर डीटीपी ने पुलिस को कई बार रिटायर अधिकारी को हटाने के लिए कहा, लेकिन मामला ढुलमुल रहा। रिटायर अधिकारी बार-बार धमकी देते रहे, लेकिन पुलिस ने डीटीपी विभाग के अधिकारी का सहयोग नहीं किया। जब डीटीपी ने कमिश्नर पुलिस तक फोन करने की बात कही लेकिन उसके बाद भी पुलिस का रवैया अपने रिटायर कर्मचारी के लिए नहीं बदला।
15 यूनिट में कमर्शियल गतिविधियां
डीटीपी अधिकारी यजन चौधरी के अनुसार, करीब 15 यूनिट में कमर्शियल गतिविधियां चल रही थीं। इनमें से 9 यूनिट को सील किया गया। वहीं, 4 से 5 यूनिट संचालकों ने टीम के पहुंचने से पहले या कार्रवाई के दौरान खुद ही जगह खाली कर दी थी। इन स्थानों पर ब्यूटी पार्लर, क्लिनिक और बिना अनुमति नर्सिंग होम जैसी गतिविधियां चल रही थीं।
अधिकारी ने की लोगों से अपील
अधिकारी ने बताया कि एक नर्सिंग होम में कुछ मरीज भर्ती थे। मरीजों को दूसरी जगह शिफ्ट करने के लिए संचालक को सोमवार तक का समय दिया गया है। इसके बाद नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। यजन चौधरी ने लोगों से अपील की कि रिहायशी क्षेत्र में बिना अनुमति कोई कमर्शियल या अनधिकृत गतिविधि न चलाएं। उन्होंने कहा कि विभाग की कार्रवाई से लोगों को आर्थिक नुकसान हो सकता है, इसलिए लोग स्वयं ऐसी गतिविधियां बंद कर दें।












