Haryana News: हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने मंगलवार को पत्रकारवार्ता कर प्रदेश सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। हुड्डा ने कहा कि एक दिन पहले हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में विधानसभा के आगामी सत्र को लेकर विभिन्न मुद्दों पर रणनीति तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक दल जनहित से जुड़े मुद्दों को सदन में मजबूती से उठाएगा।
HKRN को लेकर 19 अगस्त को कांग्रेस का धरना
भूपिंदर सिंह हुड्डा ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के तहत युवाओं की नियुक्तियों को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं को पक्का रोजगार देने का चुनावी वादा किया था, लेकिन इसे पूरा नहीं किया गया। हुड्डा ने आरोप लगाया कि हरियाणा के युवाओं का शोषण किया जा रहा है और नोटिफिकेशन में ‘Employment’ की जगह ‘Deployment’ शब्द का इस्तेमाल किया गया है।
उन्होंने कहा कि 19 अगस्त को पंचकूला में हरियाणा कौशल रोजगार निगम के खिलाफ कांग्रेस का धरना होगा। इसमें कांग्रेस के विधायक, सांसद और पार्टी के अन्य नेता शामिल होंगे। हुड्डा ने कहा कि हरियाणा के बच्चों का भविष्य अधर में है और सरकार को नियमित भर्ती करनी चाहिए।
भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए कमेटी
हुड्डा ने बताया कि कांग्रेस विधायक दल ने एक कमेटी बनाने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि अशोक अरोड़ा और बीबी बत्रा की अध्यक्षता में यह कमेटी सरकार से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामलों की पड़ताल करेगी। कमेटी का उद्देश्य सामने आए मामलों की जांच करना और उनसे जुड़े तथ्यों को सार्वजनिक करना होगा।
हुड्डा ने कहा कि कानून व्यवस्था और प्रॉपर्टी टैक्स से जुड़े मामलों में कथित गड़बड़ियों को लेकर विधानसभा में कॉलिंग अटेंशन के जरिए मुद्दे उठाए जाएंगे।
बारिश से हुए नुकसान के मुआवजे की मांग
हरियाणा में बारिश से हुए नुकसान का मुद्दा भी हुड्डा ने उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार से प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा देने की मांग करेगी। इसके अलावा बिजली कर्मचारियों की मांगों को भी विधानसभा में उठाने की बात कही।
गुरुग्राम में पैरेलल डिस्ट्रीब्यूशन के प्रस्ताव का विरोध करते हुए हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को भी सदन में उठाएगी। वहीं, गेस्ट टीचर्स के मामले में सरकार के हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ एलपीए में जाने का भी उन्होंने विरोध किया।
खाद की कमी पर सरकार को घेरा
हुड्डा ने प्रदेश में खाद की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि हरियाणा को जितनी फर्टिलाइजर एलोकेशन मिली है, सरकार उसे भी पूरी तरह नहीं उठा पाई है। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है और सरकार को इस समस्या का समाधान करना चाहिए।
E20 नीति पर भी सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने E20 पेट्रोल नीति को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने नीति आयोग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि इसमें वाहनों की औसत माइलेज कम होने की बात कही गई है। हुड्डा ने इस मुद्दे पर सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
हुड्डा ने हरियाणा की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। हिसार में हुई हत्या का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह चिंता का विषय है कि मृतक का परिवार शव का अंतिम संस्कार नहीं कर रहा है।
Commonwealth Games की सह-मेजबानी का समर्थन
हुड्डा ने बताया कि कांग्रेस विधायक दल ने कॉमनवेल्थ गेम्स को लेकर सांसदों की ओर से रखी गई मांग का समर्थन करने का प्रस्ताव पारित किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा को कॉमनवेल्थ गेम्स की सह-मेजबानी मिलनी चाहिए। उन्होंने खेलों से जुड़े सरकार के कामकाज पर सवाल उठाते हुए कहा कि मौजूदा सरकार ने कोई नया स्टेडियम नहीं बनाया। हुड्डा ने कहा कि उनके कार्यकाल में पदक विजेता खिलाड़ियों को डीएसपी बनाया गया था, जबकि वर्तमान सरकार ने एक भी डीएसपी भर्ती नहीं किया।
SYL और हरियाणा के पानी का मुद्दा
हरियाणा के पानी के अधिकार को लेकर भी हुड्डा ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिल्ली से केंद्रीय मंत्री आते हैं और राजस्थान को पानी देने का समझौता कर जाते हैं, जबकि पहले हरियाणा को SYL का पानी दिलाया जाना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री के पंजाब दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को पंजाब में जाकर हरियाणा के हिस्से के पानी की मांग करनी चाहिए। हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल आगामी विधानसभा सत्र में किसानों, युवाओं, कर्मचारियों, कानून व्यवस्था, बिजली, पानी और अन्य जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएगा।








