Haryana News: हरियाणा के गुरुग्राम में आदतन अपराधियों और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। गुरुग्राम पुलिस ने 30 अक्टूबर 2026 को जीरो टॉलरेंस नीति के तहत तीन आदतन अपराधियों के अवैध रूप से कब्जाए गए या बनवाए गए मकानों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान दो आरोपियों के एक मकान को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया, जबकि तीसरे आरोपी के मकान को सीज कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट, चोरी और सेंधमारी के कुल 52 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतू निवासी गांव घाटा, गुरुग्राम द्वारा गांव में अवैध रूप से कब्जाए गए या बनवाए गए करीब 150 वर्ग गज के मकान को सीज किया गया। यह कार्रवाई एंटी नारकोटिक सेल, गुरुग्राम ने संबंधित विभागों के समन्वय से की।
साहिल और अंशुल के मकान पर चला बुलडोजर
वहीं, आरोपी साहिल उर्फ चुन्नू उर्फ नशीला और अंशुल उर्फ मुन्नू, दोनों निवासी गांव वजीराबाद, गुरुग्राम द्वारा अवैध रूप से कब्जाए गए या बनवाए गए करीब 150 वर्ग गज के मकान को ध्वस्त किया गया। यह कार्रवाई अपराध शाखा सेक्टर-43, गुरुग्राम की टीम ने संबंधित विभागों के साथ मिलकर की।
तीनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज हैं 52 मामले
गुरुग्राम पुलिस के अनुसार, आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतू के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कुल 3 मामले दर्ज हैं। वहीं, साहिल उर्फ चुन्नू उर्फ नशीला के खिलाफ चोरी और सेंधमारी से जुड़े 40 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा अंशुल उर्फ मुन्नू के खिलाफ चोरी के 9 मामले दर्ज हैं। इस तरह तीनों आरोपियों के खिलाफ कुल 52 आपराधिक अभियोग दर्ज हैं।
कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए हुई कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि दोनों कार्रवाई संबंधित विभागों के समन्वय से की गईं और पूरे अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था कायम रखी गई। गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि वह सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों को अपराध एवं अवैध कब्जों से सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है।











