Haryana News: हरियाणा में रोडवेज बस सेवाएं बहाल होने के साथ ही हरियाणा रोडवेज के सिरसा डिपो में टिकट गबन और अनियमितताओं के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं। महज दो दिनों में तीन मामलों का खुलासा होने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है और निगरानी सख्त कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार पहला मामला 22 अप्रैल का है, जब कालांवाली से डबवाली रूट पर हस्सू गांव के पास बस की चेकिंग की गई। जांच के दौरान 34 यात्री बिना टिकट पाए गए। इंस्पेक्टर अशोक ने बताया कि कंडक्टर के बैग से 370 रुपये अतिरिक्त बरामद हुए। यात्रियों का आरोप है कि उनसे किराया लिया गया, लेकिन टिकट जारी नहीं किया गया। मामले की रिपोर्ट के बाद जीएम कुलदीप जांगड़ा ने कंडक्टर जाकिर हुसैन को निलंबित कर दिया।
इसी दिन दूसरा मामला चंडीगढ़-सिरसा रूट पर चल रही एक लीज बस में सामने आया, जहां चालक पर यात्रियों से 400 रुपये लेकर सामान ढोने का आरोप लगा है। यह मामला जांच के अधीन है और विभागीय कार्रवाई जारी है।
तीसरा मामला 23 अप्रैल की रात का है, जब दिल्ली से हिसार आ रही सिरसा डिपो की बस में अनियमितता पकड़ी गई। कंडक्टर अंकित पर 700 रुपये लेकर सामान लाने का आरोप है। पूछताछ में संतोषजनक जवाब न मिलने पर रिपोर्ट यातायात शाखा को भेज दी गई है, जिस पर उच्च स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।
लगातार सामने आ रहे इन मामलों के बाद हरियाणा रोडवेज ने उड़नदस्ता टीमों की निगरानी और सख्त कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों से किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
google-site-verification: google37146f9c8221134d.html













