Haryana: हरियाणा में प्राइवेट बसों पर RTA की सख्ती, छात्रों के बस पास नहीं मानने पर जुर्माना

On: May 8, 2026 4:13 PM
Follow Us:

Haryana News: हरियाणा के सिरसा में डबवाली क्षेत्र की प्राइवेट बसों द्वारा स्कूल और कॉलेज विद्यार्थियों के बस पास मान्य न करने के मामलों पर आरटीए ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग की ओर से ऐलनाबाद रूट पर चलने वाली कई निजी बसों की जांच की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाली बसों पर जुर्माना लगाया गया और कुछ बसों के रूट भी बंद कर दिए गए।

आरटीए अधिकारियों के अनुसार चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। जिन बस कंडक्टरों ने विद्यार्थियों के बस पास स्वीकार नहीं किए या बुजुर्गों को मिलने वाली आधे किराए की सुविधा के बावजूद पूरा किराया वसूला, उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। विभाग ने 7 से 8 बसों पर 7 हजार से लेकर 12 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया है।

छात्रों की शिकायतों के बाद हुई कार्रवाई

जानकारी के मुताबिक पिछले एक सप्ताह से छात्रों की लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई निजी बस कंडक्टर बस पास होने के बावजूद उनसे किराया वसूल रहे हैं। शिकायतों में यह भी सामने आया कि छात्र और छात्राओं दोनों से टिकट लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। इसी के बाद आरटीए ने विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई शुरू की।

शिकायत मिलने पर होगी सख्त कार्रवाई

आरटीए ने कहा है कि यदि कोई प्राइवेट बस कंडक्टर बस पास मान्य नहीं करता और टिकट काटता है, तो उसकी शिकायत विभाग को दी जाए। ऐसे मामलों में संबंधित बस ऑपरेटर और कंडक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने चेतावनी दी है कि नियम तोड़ने वाली बसों के रूट बंद किए जा सकते हैं और भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा।

एबीवीपी ने उठाया था मुद्दा

ABVP के छात्र नेता प्रियांशु ने बताया कि चार दिन पहले उन्होंने उपायुक्त के माध्यम से प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी। उनका आरोप है कि कई बस कंडक्टर और ड्राइवर छात्रों के बस पास स्वीकार नहीं करते और टिकट लेने के लिए मजबूर करते हैं।

उन्होंने कहा कि कई बार टिकट न लेने पर छात्रों को बीच रास्ते में बस से उतार दिया जाता है। ऐलनाबाद रूट पर इस तरह की शिकायतें सबसे अधिक सामने आई हैं, जिससे छात्र-छात्राएं परेशान हैं।

google-site-verification: google37146f9c8221134d.html

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now