हरियाणा में भारी बारिश का कहर, गोहाना में देवरानी-जेठानी की मौत, गुरुग्राम में वर्क फ्रोम होम की सलाह

On: July 23, 2026 10:39 PM
Follow Us:

चंडीगढ़. हरियाणा में बीते चौबीस घंटे में दक्षिण जिलों, गुरुग्राम, रेवाड़ी, सोनीपत और फरीदाबाद में जोरदार बारिश हुई है. गुरुग्राम में बारिश से जहां हाहाकार मच गया. वहीं, सोनीपत समेत अन्य जिलों में जलभराव की वजह से लोगों को परेशानी हुई. जिले के गोहाना में बीती रात गांव महमूदपुर में बारिश के कारण पुराने मकान की छत गिर गई और मकान में सो रही दो महिलाओं की मौत हो गई. दोनों मृतकाओं की पहचान देवरानी और जेठानी के रूप में हुई है. सुनील (55) और बिमला (56) को मलबे से निकालकर परिजन मेडिकल खानपुर ले गए थे, जहां डॉक्टरों उन्हें मृत घोषित कर दिया.

जानकारी के अनुसार, गुड़गांव के नरसिंहपुर में भारी बारिश की वजह से सड़क धसने से लोगों को परेशानी हो रही है और 10 मिनट की दूरी के लिए 30 से 35 मिनट लग रहे हैं. गुरुग्राम के नरसिंहपुर में सड़क धसने से लंबा जाम लगा हुआ है. ऑफिस जाने वाले लोगों को खासा परेशानी हो रही है. हालांकि सड़क के गड्ढे को मलबे से ढक दिया गया है, लेकिन उसके बाद भी गाड़ियों की रफ्तार धीमी है. नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस की टीम लोगों को कंट्रोल करती हुई नजर आ रही है. बीती रात से सुबह तक गुरुग्राम में 83 एमएम बारिश हुई है.

करनाल में मूसलाधार बरसात से धान की फसल को फायदा होगा. अमर सिंह का कहना है कि काफी दिनों से बहुत ज्यादा गर्मी पड़ रही थीं किसानों को भी पानी की काफी समस्या आ रही थी. बरसात का आनंद लेते हुए राकेश मित्तल ने कहा कि बारिश से काफी अच्छा लग रहा है और किसानों की फसलों को काफी फायदा होगा. उधऱ, नगर निगम और जिला प्रशासन के दावों की खोली पो भी बरसात के पानी से खुल गई. अम्बेडकर चौक, मीनार रोड, सेक्टर 13 समेत कई जगह पानी जमा हो गया. पार्षद प्रतिनिधि वीर विक्रम ने बरसात के कारण सड़कों पर जमा हुए पानी को लेकर कहा कि सेक्टर13 में ड्रेन और सीवरेज की सफ़ाई काफी जरूरी है. मानसून से दो महीने पहले टेंडर लगकर सारी सफाई होनी चाहिए थी. तभी पानी की समस्या का समाधान होता. इस बार टेंडर काफी देरी से लगा है.

हरियाणा के रेवाड़ी में मूसलाधार बारिश.

गुरुग्राम में ‘वर्क फ्रॉम होम’  की अपील

​गुरुग्राम में मंगलवार को दिनभर करीब 71 एमएम बारिश हुई थी और इस कारण दिल्ली जयपुर एक्सप्रेस वे में सड़क धंसने से लंबा जाम लग गया. ऐसे में पुलिस ने बुधवार को कंपनियों से वर्क फ्रोम होम काम करवाने की अपील की है. गुरुग्राम पुलिस ने सोशल मीडिया पर लिखा कि गुरुग्राम में लगातार बारिश को देखते हुए, शहर की मुख्य सड़कों और चौराहों पर जलभराव और यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न होने की प्रबल संभावना है. कॉर्पोरेट क्षेत्र और निजी प्रतिष्ठानों से आग्रह हैं कि वे अगले कुछ दिनों के लिए अपने कर्मचारियों को ‘वर्क फ्रॉम होम’ (घर से काम करने) की सुविधा प्रदान करें.अनावश्यक वाहनों की आवाजाही कम होने से हमारे ट्रैफिक प्रबंधन दलों को यातायात सुचारू रखने और आपातकालीन सेवाओं को निर्बाध रूप से चालू रखने में बहुत मदद मिलेगी. गुरूग्राम-सोहना रोड पर एरिया मॉल के सामने जलभराव हुआ है और रात को बारिश से पानी की निकासी का प्रबंध नहीं है. सड़क से गुजरने वाले वाहनों को भारी मशक्क्त करनी पड़ रही है.

गुरुग्राम में मंगलवार को बारिश के बाद हाईवे धंस गया.

नूंह जिले में भी भारी बारिश की वजह से मंगलवार को कस्बों में सड़कें, गलियां और सार्वजनिक स्थान पानी से भर गए, जिससे आमजन को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. बारिश का सबसे अधिक असर तावडू नगर में देखने को मिला, जहां अनाज मंडी, कई प्रमुख सड़कें और वार्ड नंबर-10 के क्षेत्र जलमग्न हो गए. पटौदी रोड पर भी भारी जलभराव के कारण यातायात प्रभावित रहा, जबकि कई दोपहिया वाहन पानी में फंस गए. बारिश के बीच जिला मुख्यालय नूंह में भी मिनी सचिवालय के आसपास की सड़कों पर पानी भर गया. तावडू उपमंडल के गांव झामुवास में आगामी 12 जुलाई को भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भी प्रशासन की चिंता बढ़ गई है.

गुरुग्राम सोहना रोड पर एरिया मॉल के पास जलभराव.

सोनीपत में भारी बारिश को लेकर जलभराव पर विधायक निखिल मैदान का कहना है कि अधिकारियों के साथ लगातार बैठक चल रही है और सभी अधिकारी कर्मचारी और ठेकेदारों को निर्देश दिए गए हैं कि अगर कहीं भी जल भराव की समस्या सामने आती है तो जिम्मेदारी अधिकारी की होगी. अधिकारियों को चेतावनी दे दी गई है या तो वह लापरवाही छोड़ दें या फिर उन पर विभागीय कार्रवाई करने में लापरवाही नहीं होगी.

सोनीपत में मंगलवार को बारिश के बाद जलभराव.

हिसार में चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के मौसम वैज्ञानिक डॉ मदन लाल खिचड़ ने कहा कि मानसून की गति इन दिनों थोड़ी धीमी है और इस कारण समस्त हरियाणा में एक साथ बारिश नहीं हो रही है. अभी हरियाणा में खासकर उत्तरी और दक्षिणी हरियाणा में मानसून की सक्रियता बनी हुई है. पश्चिमी हरियाणा में अगले 3 दिनों इसके सक्रिय होने की संभावना है. इससे 10-11 जुलाई तक मानसून पूरे हरियाणा को कवर कर लेगा डॉ मदन लाल खिचड़ ने कहा कि कम बारिश में अभी तक सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी शामिल हैं. अगले 3 दिनों में हरियाणा में ज्यादातर क्षेत्रों में अच्छी बारिश की संभावना है. मौसम वैज्ञानिक ने कहा कि हरियाणा में 35 से 39 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान बना हुआ है और न्यूनतम तापमान 24 से 27 डिग्री चल रहा है।जिसमें 2 से 3 डिग्री और गिरावट आने की संभावना है. किसान को सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि ये बारिश धान रोपाई में फायदेमंद रहेगी और नरमा, कपास और अन्य फसलों में निराई-गुड़ाई करें. मदन लाल खिचड़ ने कहा कि बाजरा की बिजाई 10 या 11 जुलाई के बाद करें ताकि बारिश की नमी ज़मीन में आ जाए. उन्होंने कहा कि धान की रोपाई उसी क्षेत्रों में करें जहाँ सिंचाई की उपलब्धता अच्छी हो.

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now