Last Updated:
Nuh Drugs: हरियाणा के नूंह पुलिस ने 3 करोड़ रुपये से अधिक की 1.597 किलोग्राम हेरोइन के साथ एक तस्कर वाजिद को गिरफ्तार किया. आरोपी से स्विफ्ट कार भी बरामद हुई. आरोपी से पूछताछ में यह पता लगाया जाएगा कि इतनी बड़ी खेप लेकर वह कहां जा रहा था.
वाजिद पुत्र इस्लाम निवासी कोटला हेरोइन बेचने का काम करता है.
नूंह. हरियाणा के नूंह जिले में पुलिस ने 3 करोड़ रुपये से अधिक के चिट्टे के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है. एसपी डॉ. अर्पित जैन के नेतृत्व में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत अपराध जांच शाखा तावडू की टीम ने यह कार्रवाई की है और 1 किलो 597 ग्राम हेरोइन सहित एक तस्कर को गिरफ्तार किया है.
जानकारी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद हेरोइन की कीमत करीब 3 करोड़ 15 लाख रुपये आंकी गई है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक स्विफ्ट कार भी बरामद की है. एसपी डॉ. अर्पित जैन ने बताया कि उप-निरीक्षक प्रदीप कुमार प्रभारी अपराध जांच शाखा तावडू के नेतृत्व में टीम को सूचना मिली थी कि वाजिद पुत्र इस्लाम निवासी कोटला हेरोइन बेचने का काम करता है और वह हेरोइन खरीद कर अपनी कार में गांव पल्ला होते हुए नल्हड़ मेडिकल रोड के रास्ते कोटला जाएगा.
सूचना पर टीम ने नल्हड़ रोड नजदीक लाला अमरनाथ कॉलोनी के पास नाकाबंदी की. सुबह करीब 7.20 बजे नल्हड़ मेडिकल कॉलेज की तरफ से आ रही सफेद स्विफ्ट कार को रोकने का इशारा किया तो चालक ने कार को लाला अमरनाथ कॉलोनी रोड की तरफ घुमाने की कोशिश की, जिसे टीम ने सूझबूझ से काबू कर लिया.
नियमानुसार तलाशी लेने पर कार के हैंड ब्रेक के पास एक काली पॉलिथीन मिली, जिसमें 30 सफेद पॉलिथीन की बिट में लिपटी हेरोइन बरामद हुई, जिसका कुल वजन 1.597 किलोग्राम पाया गया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान वाजिद उर्फ काला पुत्र इस्लाम निवासी कोटला थाना आकेड़ा के रूप में हुई है. इस संबंध में नूंह शहर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
एडिशनल एसपी के नेतृत्व में एसआईटी का भी गठन
एसपी ने बताया कि नशा मुक्ति अभियान लगातार जारी है. इससे पहले 17 से 23 अगस्त तक चले 6 दिवसीय विशेष अभियान में 14 केस दर्ज कर 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था. नशे की चेन को पूरी तरह तोड़ने के लिए एडिशनल एसपी के नेतृत्व में एसआईटी का भी गठन किया गया है. पकड़े गए आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर गहनता से पूछताछ की तैयारी है ताकि नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके.
About the Author

Vinod Kumar Katwal is a Senior journalist with over 14 years of experience across print and digital media. He currently serves as a Senior Correspondent at News 18 Hindi, leading Himachal Pradesh, Chandigarh an…
और पढ़ें













