सोनीपत जिले में एक युवक के साथ सरेआम मारपीट, जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने और पैसों की वसूली का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पुराने जानकार ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर युवक को पहले सार्वजनिक स्थान पर पीटा और फिर उसकी ही गाड़ी में जबरन बैठाकर दूसरे स्थान पर ले गया।
इस पूरे घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो में युवक के साथ मारपीट और जबरन गाड़ी में बैठाते हुए साफ देखा जा सकता है। मामले में थाना सिविल लाइन सोनीपत पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दादा को खाना खिलाने गया था युवक
सोनीपत के कोट मोहल्ला निवासी चिराग चावला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 4 जनवरी 2026 की रात करीब 8:30 बजे वह अपनी कार में अपने दादा रतन लाल चावला को खाना खिलाने कच्चे क्वार्टर क्षेत्र गया था।
चिराग ने बताया कि वह कच्चे क्वार्टर स्थित पंजाबी चिकन कॉर्नर से खाना ले रहा था, तभी उसका परिचित आकाश नागर अपने तीन साथियों के साथ वहां पहुंचा और ब्याज के पैसों को लेकर विवाद करने लगा।
चार युवकों ने मिलकर की मारपीट
पीड़ित के अनुसार, कहासुनी बढ़ते ही आकाश नागर और उसके साथ मौजूद युवकों ने मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसका दादा भी मौके पर मौजूद था। आरोप है कि आकाश नागर ने चिराग की गाड़ी की चाबी छीन ली और उसके दादा को जबरन गाड़ी से बाहर उतार दिया।
इसके बाद चिराग को उसकी ही कार में जबरदस्ती बैठा लिया गया और वहां से ले जाया गया।
VIDEO में दिखी गाली-गलौज और धमकी
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक चिराग को पीटता हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरा उसका गला पकड़कर दबाता नजर आ रहा है। इस दौरान चिराग का दादा उसे बचाने की कोशिश करता है, लेकिन आरोपियों द्वारा उसे पीछे हटने के लिए कहा जाता है।
वीडियो में यह भी सुना जा सकता है कि आरोपी गाली-गलौज करते हुए कह रहे हैं—
“पैसे ले रखे हैं, कोई नाचे-गाए के पैसे नहीं हैं।”
मॉडल टाउन ऑफिस ले जाने का आरोप
चिराग ने बताया कि आरोपी उसे और उसके दोस्त को उसकी ही गाड़ी में बैठाकर मॉडल टाउन स्थित अपने ऑफिस ले गए। वहां उसे डराया-धमकाया गया और दोबारा मारपीट की गई। आरोप है कि पैसों को लेकर जबरन हामी भरवाई गई, जिसके बाद उसे, उसके दोस्त और दादा को छोड़ दिया गया।
AAP नेता ने किया हस्तक्षेप
आम आदमी पार्टी के नेता विमल किशोर ने भी आरोप लगाते हुए कहा कि शाम के समय 4 से 5 युवक एक युवक के साथ मारपीट कर रहे थे और उसे जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी
थाना सिविल लाइन सोनीपत पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 115, 140(3), 351(3), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार CCTNS में धारा 115(2) उपलब्ध न होने के कारण केस धारा 115 बीएनएस में दर्ज किया गया।
ASI प्रदीप ने सिपाही अजय के साथ मौके का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










