सिर्फ टिकट होना काफी नहीं…चंडीगढ़ से नहीं पकड़ पाओगे ट्रेन, निकलने से पहले जान लें ये बात

On: September 11, 2026 6:45 PM
Follow Us:

अंबाला. अगर आप आने वाले दिनों में चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ने की तैयारी कर रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले एक बार ट्रेन का नया शेड्यूल जरूर देख लें. चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के कायाकल्प का काम अब ट्रेनों की रफ्तार और यात्रियों की यात्रा पर भी असर डालने वाला है. स्टेशन को वर्ल्ड क्लास बनाने के लिए हो रहे निर्माण कार्य के चलते 36 दिनों तक पावर और ट्रैफिक ब्लॉक किया गया हैं. इस दौरान ट्रेनों के संचालन में बड़े बदलाव किए गए हैं. 12 ट्रेनों के कुल 442 ट्रिप रद्द रहेंगे, जबकि कई ट्रेनों को चंडीगढ़ की बजाय अंबाला कैंट से चलाया या वहीं समाप्त किया जा रहा है. इस दौरान कुछ ट्रेनों का रूट डायवर्ट रहेगा और कई ट्रेनों के प्लेटफॉर्म भी बदल दिए गए हैं. ऐसे में इन तारीखों के दौरान रेल यात्रियों को अपनी यात्रा से पहले ट्रेन की पूरी जानकारी जांचना बेहद जरूरी होगा.

तीन चरणों में बांटा

चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन को वर्ल्ड क्लास स्टेशन के रूप में विकसित करने का काम रेल भूमि विकास प्राधिकरण (RLDA) की ओर से किया जा रहा है. इसी काम के तहत मौजूदा फुट ओवर ब्रिज के शेष गर्डरों की लॉन्चिंग और पुराने FOB के गर्डरों को हटाने का काम किया जाना है. इसके लिए स्टेशन की अलग-अलग लाइनों पर चरणबद्ध तरीके से पावर और ट्रैफिक ब्लॉक रहेगा. रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसे एक साथ न लेकर तीन चरणों में बांटा है, लेकिन इसका असर बड़ी संख्या में ट्रेनों पर पड़ेगा.

अंबाला रेल मंडल के सीनियर डीसीएम यशनजीत सिंह लोकल 18 से बताते हैं कि चंडीगढ़ स्टेशन के रिडेवलपमेंट का काम तेजी से किया जा रहा है. इसी के चलते 36 दिनों का पावर और ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया है. यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इसे तीन अलग-अलग चरणों में किया जा रहा है और हर चरण 12 दिनों का होगा. इस ब्लॉक के दौरान 12 ट्रेनों के कुल 442 ट्रेन ट्रिप रद्द किए जा रहे हैं. 6 ट्रेनों के कुल 54 ट्रिप को निर्धारित अवधि में चंडीगढ़ की बजाय अंबाला कैंट तक शॉर्ट टर्मिनेट या शॉर्ट ओरिजिनेट किया जा रहा है.

इन ट्रेनों पर ज्यादा असर

2 ट्रेनों के 4 ट्रिप का रूट भी बदला जाएगा, ऐसे में जिन यात्रियों ने पहले से टिकट बुक कर रखा है, उन्हें अपनी यात्रा से पहले यह जरूर देखना होगा कि उनकी ट्रेन निर्धारित समय और रूट पर चल रही है या नहीं. यात्रियों के लिए खासतौर पर उन ट्रेनों में बदलाव किया गया है, जो चंडीगढ़ से होकर संचालित होती हैं. ट्रेन संख्या 15063/15068, 12983/12984 और 20989/20990 की निर्धारित सेवाओं में बदलाव रहेगा. इन ट्रेनों की संबंधित सेवाओं को चंडीगढ़ के बजाय अंबाला कैंट पर शॉर्ट टर्मिनेट या शॉर्ट ओरिजिनेट किया जाएगा. ट्रेन संख्या 20989 को अंबाला कैंट पर समाप्त करने के बाद वापसी में अंबाला कैंट के प्लेटफॉर्म नंबर 2 से चलाया जाएगा. इसका मतलब साफ है कि चंडीगढ़ से ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा के लिए अंबाला कैंट तक पहुंचने की अतिरिक्त व्यवस्था करनी पड़ सकती है.

प्लेटफॉर्म और बर्थिंग में भी बदलाव

14615/14616 लालकुआं-अमृतसर-लालकुआं के निर्धारित ट्रिप भी प्रभावित होंगे, ब्लॉक की अवधि में इन ट्रेनों को चंडीगढ़ की बजाय अंबाला-सिरहिंद-सानेहवाल मार्ग से चलाया जाएगा. ऐसे में इस ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों को अपने रूट और ठहराव की जानकारी पहले से देखना जरूरी होगा. यात्रियों को राहत देने के लिए रेलवे की ओर से कुछ ट्रेनों को साहिबजादा अजीत सिंह नगर यानी मोहाली स्टेशन पर अतिरिक्त अस्थायी ठहराव भी दिया जा रहा है. इनमें 18309/18101, 18310/18102, 11905/11906, 15531/15532 और 14631/14632 समेत अन्य ट्रेनें शामिल हैं. इससे चंडीगढ़ जाने वाले कुछ यात्रियों को मोहाली स्टेशन से भी यात्रा की सुविधा मिल सकेगी. ब्लॉक के दौरान कई ट्रेनों के प्लेटफॉर्म और बर्थिंग में भी अस्थायी बदलाव किया गया है. पहले चरण में 20 ट्रेनों, दूसरे चरण में 17 ट्रेनों और तीसरे चरण में 39 ट्रेनों के प्लेटफॉर्म या बर्थिंग में बदलाव रहेगा, इसलिए स्टेशन पहुंचने के बाद भी यात्री अपनी ट्रेन का प्लेटफॉर्म दोबारा जरूर जांच लें.

यशनजीत सिंह के मुताबिक, पहला ब्लॉक 10 सितंबर से लेकर 21 सितंबर तक, दूसरा 22 सितंबर से 3 अक्टूबर और तीसरा 4 से 15 अक्टूबर 2026 तक है. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि इन तारीखों के बीच यात्रा करने से पहले ट्रेन का संचालन, समय, ठहराव और प्लेटफॉर्म की जानकारी जरूर जांच लें. यात्री NTES, रेलवे के अधिकृत यात्री सूचना माध्यम या रेल मदद 139 से ताजा जानकारी ले सकते हैं.

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now

और पढ़ें

फरीदाबाद में बदमाशों की पुलिस ने निकाली परेड, युवक पर चाकू से किए कई वार,  महिला से बातचीत की रंजिश रखते थे आरोपी

गुरुग्राम में महिपालपुर से एंबियंस मॉल तक बनेगा 3 लेन फ्लाईओवर, साइबर सिटी को भारी जाम से मुक्ति दिलाने की प्लानिंग

गुरुग्राम में मर्डरः बेटे को मारने आए 3 युवकों ने पिता का कत्ल किया, खून का बदला खून से लिया

सोनीपत में एनकाउंटरः 2 करोड़ की फिरौती मांगने के बाद धांय-धांय, पुलिस से मुठभेड़ में 2 बदमाशों को लगी गोली

Delhi Schools Closed Today BRICS Summit 2026: ब्रिक्स समिट के चलते दिल्ली में आज स्कूल बंद, नोएडा-गाजियाबाद का भी जानें अपडेट

Haryana Swine Flu: भिवानी में स्वाइन फ्लू की दस्तक, 12 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट | भिवानी