हरियाणा में मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट, इस साल 36 फीसदी ज्यादा बारिश, सिरसा में सबसे कम

On: February 4, 2026 8:18 AM
Follow Us:
हरियाणा मौसम, घना कोहरा, सर्दी, यातायात अलर्ट, मौसम विभाग, दृश्यता शून्य, सोनीपत, ठंड, हरियाणा समाचार

हरियाणा के अधिकांश जिलों में मौसम में आए बदलाव के चलते घने कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर भारत के कई इलाकों के साथ हरियाणा में भी कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में विजिबिलिटी बेहद कम रह सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है।

हालांकि मौसम विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि आगामी चार दिनों तक प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। इसके बावजूद ठंड का असर बना रहेगा, क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के बाद उत्तर-पश्चिम दिशा से चल रही बर्फीली हवाओं ने मैदानी इलाकों में दस्तक दे दी है। इन हवाओं के कारण रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जबकि अगले एक सप्ताह तक अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बने रहने की उम्मीद जताई जा रही है।

घने कोहरे का सीधा असर जनजीवन पर भी देखने को मिला है। मंगलवार को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। हिसार में फतेहाबाद पुलिस की सीआईए टीम की बोलेरो गाड़ी की आयशर कैंटर से टक्कर हो गई, जिसमें हेड कांस्टेबल शमशेर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सोनीपत में कोहरे के कारण हुए हादसे में बाइक सवार युवक रोहित की जान चली गई। बताया जा रहा है कि रोहित की शादी महज 25 दिन बाद होने वाली थी, जिससे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

मौसम को लेकर चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के सीनियर वैज्ञानिक डॉ. चंद्रशेखर डागर ने बताया कि प्रदेश में अभी ठंड बनी रहेगी और रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। उन्होंने कहा कि 10 फरवरी के बाद मौसम में धीरे-धीरे बदलाव आने की संभावना है और फरवरी महीने में तापमान सामान्य से अधिक भी रह सकता है। हालांकि यह स्थिति पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता पर निर्भर करेगी। फिलहाल फरवरी में बारिश की संभावना कम बताई जा रही है, जिसके चलते आगे चलकर तापमान में उछाल देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस साल 1 जनवरी से 3 फरवरी 2026 के बीच हरियाणा में मानसून पूर्व गतिविधियों और पश्चिमी विक्षोभ के कारण सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में प्रदेश में औसतन 20.7 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य 15.2 मिलीमीटर की तुलना में करीब 36 प्रतिशत अधिक है। जिलावार आंकड़ों की बात करें तो कुरुक्षेत्र में सबसे ज्यादा 200 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है, जहां 56.7 मिलीमीटर पानी बरसा। इसके अलावा अंबाला में 103 प्रतिशत, पानीपत में 92 प्रतिशत और भिवानी में 91 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। वहीं सिरसा में 65 प्रतिशत, सोनीपत में 36 प्रतिशत और महेंद्रगढ़ में 27 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।

कृषि विशेषज्ञों ने मौसम को देखते हुए किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लगातार गिरते तापमान और कोहरे की स्थिति में सरसों की फसल में सफेद रतुआ और अल्टरनेरिया ब्लाइट जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है, इसलिए समय पर फफूंदनाशक का छिड़काव जरूरी बताया गया है। गेहूं और जौ की फसल जो इस समय टिलरिंग या क्राउन रूट इनीशिएशन अवस्था में है, उनमें हल्की सिंचाई करने की सलाह दी गई है, क्योंकि आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रह सकता है। पाले से बचाव के लिए शाम के समय खेतों में हल्की सिंचाई या मेड़ों पर धुआं करने की भी सलाह दी गई है।

पशुपालकों को भी सतर्क रहने को कहा गया है। ठंडी हवाओं से बचाने के लिए पशुओं को रात के समय अंदर रखने और उनके आहार में प्रतिदिन आयोडाइज्ड नमक व खनिज मिश्रण शामिल करने की सलाह दी गई है, ताकि ठंड के मौसम में उनकी सेहत प्रभावित न हो।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now