Nagar Nigam Elections(मेरा हरियाणा नेटवर्क) सोनीपत । राज्य निर्वाचन आयुक्त देवेंद्र सिंह कल्याण ने राई रेस्ट हाउस में सोनीपत व रेवाड़ी के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर नगर निकाय चुनावों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आदर्श आचार संहिता का हर हाल में पालन सुनिश्चित किया जाए तथा उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए।
आयुक्त ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महत्वपूर्ण पर्व है और इसकी निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन सहित सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने मतदान प्रक्रिया के हर चरण में पारदर्शिता बनाए रखने और कानून व्यवस्था को मजबूत रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं, हेल्प डेस्क, तथा वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
यूपी सीमा से सटे क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, पुलिस नाके लगाने और अवैध शराब, नकदी व प्रलोभन सामग्री पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि जाति, धर्म या भाषा के आधार पर वोट मांगना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और धार्मिक स्थलों का चुनाव प्रचार में उपयोग करने पर कड़ी कार्रवाई होगी।आयुक्त ने बिना अनुमति रैली-जुलूस न निकालने, निजी संपत्ति पर बिना अनुमति पोस्टर न लगाने तथा मतदान से 48 घंटे पूर्व प्रचार बंद करने के निर्देश दिए। सरकारी कर्मचारियों को भी निष्पक्ष रहने और सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग न करने की हिदायत दी गई। बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।














