
Rajya Sabha Chunav: हरियाणा राज्यसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार संजय भाटिया ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी उनके साथ मौजूद रहे।
वहीं कांग्रेस ने कर्मवीर सिंह बौद्ध को अपना प्रत्याशी बनाया है। यह उनका पहला चुनाव है। भाजपा उम्मीदवार के नामांकन के बाद कर्मवीर सिंह बौद्ध ने भी विधानसभा भवन पहुंचकर पर्चा दाखिल किया। उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा सहित कांग्रेस के 34 विधायक मौजूद रहे।
राहुल गांधी की पसंद बताए जा रहे बौद्ध
नामांकन से पहले कांग्रेस कार्यालय में कर्मवीर बौद्ध ने अपना नामांकन पत्र भरा। बताया जा रहा है कि हरियाणा के एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी ने उन्हें पार्टी हाईकमान तक पहुंचाने में भूमिका निभाई। इसके बाद राहुल गांधी ने हरियाणा से राज्यसभा सदस्य के लिए उनके नाम का सुझाव दिया। नामांकन के बाद बौद्ध ने कांग्रेस नेतृत्व का आभार जताया।
तीसरे उम्मीदवार से मुकाबला दिलचस्प
इस चुनाव में तीसरे उम्मीदवार के रूप में रोहतक के किलोई गांव निवासी Satish Nandal ने भी नामांकन दाखिल किया है। वे निर्दलीय विधायक Savitri Jindal, देवेंद्र कादियान और राजेश जून के साथ विधानसभा पहुंचे।
नामांकन से पहले सतीश नांदल ने कहा कि कुछ विधायकों की सोच थी कि एक निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में होना चाहिए, इसलिए उन्होंने पर्चा भरा है।
क्या होगा ‘खेला’?
तीन उम्मीदवारों के मैदान में उतरने से चुनाव में ‘खेला’ होने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि कांग्रेस प्रत्याशी कर्मवीर बौद्ध का दावा है कि पार्टी के सभी 37 विधायक उनके साथ हैं और किसी प्रकार की क्रॉस वोटिंग की संभावना नहीं है।













