Last Updated:
भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन रविवार को हरियाणा के रोहतक में एक भव्य पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे. विपक्ष के कथित झूठ, दुष्प्रचार और अराजकता के खिलाफ पार्टी के देशव्यापी अभियान ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के तहत यह पदयात्रा निकाली जा रही है.
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन
रोहतक. भारतीय जनता पार्टी ने देश भर में राजनीतिक माहौल को धार देने और विपक्ष के हमलों का आक्रामक जवाब देने की तैयारी तेज कर दी है. इसी कड़ी में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रविवार को हरियाणा के गढ़ कहे जाने वाले रोहतक में एक विशाल पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे. यह आयोजन पार्टी के देशव्यापी अभियान ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के तहत किया जा रहा है. रोहतक के छोटू राम पॉलिटेक्निक मैदान से शुरू होने वाली इस पदयात्रा में हजारों कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है.
क्या है पदयात्रा का रूट और पूरा कार्यक्रम?
पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस महा-अभियान की रूपरेखा इस प्रकार तय की गई है. यह पदयात्रा रविवार सुबह ठीक 11 बजे रोहतक के प्रसिद्ध छोटू राम पॉलिटेक्निक मैदान से शुरू होगी और शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मॉडल टाउन के डी-पार्क तक पहुंचेगी.
महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि
डी-पार्क पर पदयात्रा के समापन के अवसर पर बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन करेंगे दिग्गजों की मौजूदगी भी रहेगी. इस पदयात्रा में हरियाणा के मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और हजारों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व आम नागरिक हिस्सा लेंगे.
विपक्ष के खिलाफ बीजेपी का कड़ा संदेश
बीजेपी का कहना है कि विपक्षी दल राजनीतिक स्वार्थ के चलते जनता के बीच लगातार भ्रम और गलत जानकारियां फैला रहे हैं, जिससे समाज में अराजकता का माहौल बन रहा है. पार्टी का यह देशव्यापी अभियान इसी दुष्प्रचार के खिलाफ चलाया जा रहा है.
बीजेपी कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर विपक्ष के इन हथकंडों का पर्दाफाश कर रहे हैं और जनता को सरकार की नीतियों की सच्चाई बता रहे हैं. हरियाणा की राजनीति में रोहतक को एक अहम केंद्र माना जाता है. ऐसे में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा इस क्षेत्र में पदयात्रा की कमान संभालना विपक्षी दलों को एक कड़ा राजनीतिक संदेश देने की रणनीति का हिस्सा है. इस आयोजन से पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है.










