Last Updated:
Charkhi Dadari Firing Kaand: चरखी दादरी गोलीकांड में हरियाणा पुलिस और STF रोहतक को बड़ी कामयाबी मिली है. बीकानेर मिष्ठान भंडार के पास 6 अगस्त को स्कॉर्पियो सवार 7 युवकों पर हुई अंधाधुंध फायरिंग का मास्टरमाइंड रोहित उर्फ कातिया पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार हो गया है. बौंद-कलानौर रोड पर हुई इस मुठभेड़ में आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसकी जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई. रोहित के पास से एक अवैध पिस्तौल भी बरामद हुई है.
सात लोगों पर गोली चलाने वाला मास्टरमाइंड मुठभेड़ में घायल.
चरखी दादरी: हरियाणा के चरखी दादरी में गुरुवार को दिनदहाड़े हुए गोलीकांड में पुलिस को 24 घंटे के भीतर सफलता मिली है. स्पेशल टास्क फोर्स रोहतक (एसटीएफ) और चरखी दादरी पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में मास्टरमाइंड मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है. मुख्य आरोपी के साथ मामले में शामिल दो अन्य साजिशकर्ताओं को भी पुलिस ने दबोच लिया है.
शनिवार 6 अगस्त को दादरी शहर में अज्ञात बदमाशों ने एक स्कॉर्पियो कार पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी. इस कार में सवार 7 युवक हमले में बुरी तरह घायल हो गए थे. इस वारदात ने पूरे शहर में दहशत फैला दी थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी लोगेश कुमार के निर्देश पर पुलिस की 6 स्पेशल टीमें बनाईं गईं.
बौंद-कलानौर रोड पर ऐसे हुई मुठभेड़
इस घटना की जांच के दौरान एसटीएफ बौंद-कलानौर लिंक रोड पर नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रही थी. एसटीएफ रोहतक से मिली एक खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस एक सफेद रंग की मारुति फ्रॉन्क्स (HR19U-6405) की तलाश में थी. जैसे ही यह संदिग्ध कार नाके के पास पहुंची, पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया. लेकिन कार में सवार बदमाश ने उतरते ही पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. बदमाश की एक गोली सरकारी गाड़ी के बंपर पर जा लगी. पुलिस ने उसे सरेंडर करने की चेतावनी दी, लेकिन वह नहीं माना और दोबारा फायर कर दिया. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में लगी और वह गिर पड़ा. पुलिस ने तुरंत उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से एक अवैध पिस्तौल भी बरामद की.
कौन है रोहित उर्फ कातिया?
मुठभेड़ में घायल हुए आरोपी की पहचान झज्जर जिले के गांव माजरा (दुबलधन) निवासी रोहित उर्फ कातिया के रूप में हुई है. प्रारंभिक पूछताछ में उसने दादरी फायरिंग की साजिश रचने की बात कबूल कर ली है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रोहित एक कुख्यात अपराधी है जिस पर पहले से ही हत्या, हत्या के प्रयास, स्नैचिंग, लूट और मारपीट समेत 6 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. घायल रोहित को तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहीं, एफएसएल (FSL) और सीन ऑफ क्राइम टीम ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए.
दो अन्य आरोपी भी चढ़े पुलिस के हत्थे
इस गोलीकांड की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने दो अन्य साजिशकर्ताओं को भी गिरफ्तार किया है:-
- प्रीत (पुत्र हजारी), निवासी साहुवास
- युदबिन्दर (पुत्र शुभराम), निवासी सांगा (हाल निवासी लोहारू चौक, दादरी)
केस दर्ज
थाना बौंद कलां में पुलिस पर जानलेवा हमला करने के आरोप में रोहित उर्फ कातिया के खिलाफ BNS और आर्म्स एक्ट के तहत नया मामला दर्ज कर लिया गया है. जिला पुलिस का कहना है कि बचे हुए फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें








