भवन तैयार लेकिन बसें गायब.. डेढ़ साल से शुरू नहीं हुआ मोहना बस अड्डा, ग्रामीण बोले- कब मिलेगा फायदा?

On: August 21, 2026 12:30 PM
Follow Us:

फरीदाबाद: बल्लभगढ़ के मोहना क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों के लिए बेहतर परिवहन सुविधा का सपना फिलहाल अधर में लटका हुआ है. करीब सवा साल पहले बनकर तैयार हुआ मोहना बस अड्डा आज भी शुरू होने का इंतजार कर रहा है. कहने को भवन तैयार है, लेकिन यात्रियों के लिए सुविधा अभी भी दूर की कौड़ी बनी हुई है. करीब 3 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से तैयार बस अड्डे का निर्माण अप्रैल 2025 में पूरा हो चुका था, लेकिन अब तक हरियाणा रोडवेज ने इसे अपने अधीन नहीं लिया है. ऐसे में यात्री आज भी खुले आसमान के नीचे बसों का इंतजार करने को मजबूर हैं.

ग्रामीण बोले- बस अड्डा शुरू हुआ तो 30 गांवों को मिलेगा फायदा

Local18 से बातचीत में मोहना गांव के निवासी बच्चू सिंह बताते हैं कि बस अड्डे को बने करीब डेढ़ साल हो चुका है. भवन बनकर पूरी तरह तैयार है, लेकिन अभी तक इसका उद्घाटन नहीं हुआ है और न ही इसे चालू किया गया है. बच्चू सिंह बताते हैं कि सरकार और संबंधित विभाग इसे अपने अधीन लेकर शुरू नहीं कर रहे हैं. यदि यह बस अड्डा शुरू हो जाता है तो मोहना सहित आसपास के करीब 25 से 30 गांवों के लोगों को सीधा फायदा मिलेगा.

जेवर एयरपोर्ट तक जाने वाले यात्रियों के लिए भी यह बस अड्डा काफी उपयोगी साबित हो सकता है. उत्तर प्रदेश के आसपास के लोगों को भी इसका लाभ मिल सकता है. बच्चू सिंह बताते हैं कि भवन नया है, लेकिन यदि इसे जल्द शुरू नहीं किया गया तो देखरेख और सफाई के अभाव में धीरे-धीरे यह जर्जर होने लगेगा.

ऑटो के महंगे किराए से मिलेगी राहत

स्थानीय निवासी दीपक बताते हैं कि वह इसी मोहना गांव के रहने वाले हैं और इस बस अड्डे को बने करीब डेढ़ साल हो चुके हैं. दीपक बताते हैं कि बस अड्डा शुरू होने से आसपास के गांवों के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी. अभी कई लोग आने-जाने के लिए ऑटो का सहारा लेते हैं, जिससे उन्हें ज्यादा किराया देना पड़ता है.

बस अड्डा शुरू होने के बाद लोग बसों से सफर कर सकेंगे और उनका किराया भी बचेगा. दीपक बताते हैं कि बस अड्डा चालू होने से बल्लभगढ़, पलवल और उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाले यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी. इससे क्षेत्र के लोगों का आवागमन भी आसान होगा.

बस अड्डे के पास गंदगी का ढेर

मोहना गांव के निवासी सुरेंद्र बताते हैं कि वह बस अड्डे के पास चार्ट की रेहड़ी लगाते हैं. सुरेंद्र बताते हैं कि उनकी दुकान के पीछे और बस अड्डे के बगल में गंदगी का ढेर लगा हुआ है. उन्होंने अभी तक गांव के सरपंच के पास इसकी शिकायत नहीं की है, लेकिन सरपंच भी रोजाना यहां से आते-जाते हैं और गंदगी की स्थिति देख सकते हैं.

सुरेंद्र बताते हैं कि बारिश के दिनों में यहां हालात और ज्यादा खराब हो जाते हैं. बस अड्डा बनकर पूरी तरह तैयार है, लेकिन अभी तक इसका संचालन शुरू नहीं हुआ है. उनके मुताबिक, इसके शुरू होने से करीब 25 गांवों के लोगों को फायदा हो सकता है. फिलहाल लोग ऑटो और निजी बसों के सहारे सफर कर रहे हैं.

3.16 करोड़ रुपये खर्च, फिर भी शुरू नहीं हुआ बस अड्डा

मोहना क्षेत्र के लोगों के मुताबिक यहां से फिलहाल पलवल, बल्लभगढ़ और आसपास के गांवों के लिए बसों का आवागमन होता है. ऐसे में यदि नए बस अड्डे को नियमित रूप से संचालित किया जाता है तो यात्रियों को एक व्यवस्थित स्थान मिल सकेगा. इससे बसों के संचालन को भी बेहतर तरीके से व्यवस्थित किया जा सकता है.

मोहना में बस अड्डा बनाने की घोषणा प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने करीब छह वर्ष पहले की थी. इसके बाद जनवरी 2023 में हरियाणा रोडवेज प्रशासन की ओर से निर्माण कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग को करीब 3 करोड़ 16 लाख रुपये उपलब्ध कराए गए थे. पीडब्ल्यूडी की ओर से अप्रैल 2025 में निर्माण कार्य पूरा कर दिया गया, लेकिन निर्माण पूरा होने के बाद भी संचालन की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी.

जेवर एयरपोर्ट से दिल्ली तक कनेक्टिविटी की उम्मीद

स्थानीय लोगों का कहना है कि बस अड्डा शुरू होने से केवल मोहना ही नहीं, बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों के यात्रियों को भी सीधा फायदा मिलेगा. भविष्य में यहां से जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, पलवल, बल्लभगढ़, फरीदाबाद और दिल्ली के लिए नियमित बस सेवाएं शुरू होने की उम्मीद है.

ग्रामीणों का कहना है कि जब भवन तैयार है और पैसा खर्च हो चुका है तो अब इसे शुरू करने में देरी क्यों हो रही है. ग्रामीणों ने सरकार और संबंधित विभागों से मांग की है कि विभागीय तालमेल की कमी को दूर कर मोहना बस अड्डे को जल्द से जल्द हरियाणा रोडवेज के अधीन लिया जाए और इसका संचालन शुरू किया जाए.

लोगों का कहना है कि समय रहते बस अड्डा शुरू नहीं हुआ तो करोड़ों रुपये की लागत से बनी यह सुविधा धीरे-धीरे बदहाल हो सकती है और क्षेत्र के लोगों को जिस सुविधा का इंतजार है, वह इंतजार और लंबा खिंच सकता है.

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now

और पढ़ें

फरीदाबाद में 63 साल के बुजुर्ग से शादी से किया इंकार तो युवती के प्राईवेट पार्ट पर खौलता पानी फेंका, दिल्ली रेफर

जींद के इंटरनेशनल कबड्डी प्लेयर मोहित दलाल नहीं रहे, 27 साल की उम्र में थमी सांसें, दुबई से इंग्लैंड तक खेल चुके थे मुकाबले

हरियाणा में प्रॉपर्टी आईडी से जुड़ी शिकायतों पर सीएम का सख्त रवैया, अधिकारियों को सीधे तौर पर दे डाली चेतावनी

हरियाणा की बेटी का बड़ा कारनामा, 10 साल की उम्र में पहुंची NASA, जानें कैसे हासिल किया मुकाम

हिसार कोर्ट में पेशी पर आए गैंगस्टर विनोद पानू को गोलियों से भूना

CM ने शिकायत पर लिया तुरंत एक्शन, नगर पालिका सचिव निलंबित, जानिए क्या है पूरा मामला