हरियाणा के इस जिले में बनेगा पहला चिल्ड्रन पार्क, 8.68 करोड़ की मिली प्रशासनिक मंजूरी, बच्चों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

On: February 6, 2026 3:50 PM
Follow Us:
हरियाणा के इस जिले में बनेगा पहला चिल्ड्रन पार्क, 8.68 करोड़ की मिली प्रशासनिक मंजूरी, बच्चों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

हरियाणा के पलवल शहर के बच्चों के लिए बड़ी खुशखबरी है। शहर में जिला का पहला विशेष चिल्ड्रन पार्क बनने जा रहा है, जिसके लिए प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। शहरी स्थानीय निकाय विभाग, हरियाणा ने नगर परिषद पलवल को इस परियोजना के लिए 8 करोड़ 68 लाख 48 हजार रुपये की राशि मंजूर की है।

यह परियोजना दिव्य नगर योजना के तहत शुरू की जा रही है। विभाग की ओर से 5 करोड़ 64 लाख 50 हजार रुपये का बजट आवंटित किया गया है, जबकि शेष 35 प्रतिशत राशि नगर परिषद पलवल अपने संसाधनों से वहन करेगी। यह पार्क पलवल जिले का पहला विशेष चिल्ड्रन पार्क होगा।

नगर परिषद के चेयरमैन डॉ. यशपाल सिंह ने बताया कि पार्क में बच्चों के लिए आधुनिक खेल उपकरण, सुरक्षित खेल क्षेत्र और बेहतर वातावरणउपलब्ध कराया जाएगा। इसके निर्माण के बाद बच्चों को छुट्टियों में फरीदाबाद या गुरुग्राम के पार्कों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, क्योंकि वैसी ही सुविधाएं अब पलवल में ही मिलेंगी।

पारदर्शिता के साथ होगा निर्माण कार्य

चेयरमैन डॉ. यशपाल सिंह ने कहा कि यह परियोजना पलवल शहर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पार्क न केवल बच्चों के मनोरंजन का केंद्र बनेगा, बल्कि उनके शारीरिक और मानसिक विकास में भी सहायक होगा।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्क का निर्माण सरकारी नियमों, तकनीकी मानकों और गुणवत्ता नियंत्रण के तहत पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाएगा। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि कार्य केवल स्वीकृत और अधिकृत भूमि पर ही हो तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो।

नगर परिषद प्रशासन ने इस स्वीकृति के लिए हरियाणा सरकार और शहरी स्थानीय निकाय विभाग का आभार जताया। प्रशासन का मानना है कि यह परियोजना पलवल शहर के सौंदर्यीकरण, बच्चों की सुविधाओं और सार्वजनिक परिसंपत्तियों के विस्तार की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगी।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now