Last Updated:
Farodabad News: फरीदाबाद में ऑनलाइन शाॉपिंग करने वाले एक युवक के साथ फ्रॉड का मामला सामने आया है. युवक ने ब्लिंकिट से सीलिंग फैन ऑर्डर किया था, लेकिन जब डिलीवरी के बाद पैकेट खोला तो उसके होश उड़ गए. युवक ने थाने में मामले के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है.
युवक के साथ ऑनलाइन फ्रॉड
फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर धोखाधड़ी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. गांव पलवली के रहने वाले एक व्यक्ति ने ब्लिंकिट से सीलिंग फैन ऑर्डर किया था, लेकिन जब डिलीवरी के बाद पैकेट खोला तो उसमें पंखे की जगह पत्थर निकला. पीड़ित का आरोप है कि शिकायत लेकर ब्लिंकिट स्टोर पहुंचने पर कर्मचारियों ने डिलीवरी राइडर की गलती बताकर अपना पल्ला झाड़ लिया. कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो पंखा मिला और न ही पैसे वापस हुए. आखिरकार पीड़ित ने खेड़ी पुल थाना पुलिस से शिकायत की है.
ऑर्डर किया था 1262 रुपये का सीलिंग फैन
जानकारी के मुताबिक, गांव पलवली निवासी मनोज शर्मा ने 11 नवंबर को ब्लिंकिट के जरिए 1262 रुपये का सीलिंग फैन ऑर्डर किया था. ऑर्डर मिलने के बाद डिलीवरी राइडर उनके घर पहुंचा. उस समय मनोज घर के अंदर थे, जिसके चलते राइडर ने पैकेट घर में मौजूद बच्चे को सौंप दिया. कुछ देर बाद जब मनोज ने पैकेट खोलकर देखा तो उनके होश उड़ गए. पैकेट में सीलिंग फैन की जगह एक पत्थर रखा हुआ था. इसके बाद पीड़ित ने ब्लिंकिट स्टोर पहुंचकर कर्मचारियों को पूरे मामले की जानकारी दी और शिकायत दर्ज करवाई.
पुलिस ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
पीड़ित का आरोप है कि स्टोर कर्मचारियों ने इसे डिलीवरी राइडर की गलती बताकर कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन कई बार संपर्क करने के बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ. न तो उन्हें पंखा दिया गया और न ही 1262 रुपये वापस किए गए. आखिरकार परेशान होकर मनोज शर्मा ने खेड़ी पुल थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी है. पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी.










